देवघर/रांची: पर्यटन सह नगर विकास मंत्री सुरेश पासवान के लिए झारखंड सरकार का हेलीकॉप्टर तीन दिनों से देवघर एयरपोर्ट पर खड़ा है. मंत्री जी की जिद है कि वे उड़नखटोले से ही रांची आयेंगे.
गुरुवार को मंत्री श्री पासवान देवघर में कबड्डी प्रतियोगिता का उदघाटन करने गये थे. उसी दिन शाम में मंत्री हेलीकॉप्टर से रांची के लिए उड़ान भरे थे. हेलीकॉप्टर रांची एयरपोर्ट भी पहुंच चुका था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से लैंडिंग नहीं हो सका व वापस मंत्री जी देवघर लौट गये. इसके बाद से हेलीकॉप्टर देवघर एयरपोर्ट पर ही खड़ा है.
मंत्री जी ने भी सड़क से रांची जाना उचित नहीं समझा, इसलिए दो दिनों से अपने कार्यालय का कामकाज छोड़ देवघर में ही हैं. हेलीकॉप्टर की सुरक्षा में छह जवानों को तैनात किया गया है.
