पालिका बाजार निवासी महेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने साइबर थाने में दी है शिकायत
देवघर : जियो गीगा व डीटीएच डीलरशिप के नाम पर पालिका बाजार निवासी महेंद्र प्रसाद गुप्ता से दो लाख रुपये ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में अलग-अलग दो अज्ञात मोबाइल नंबर के धारकों के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत देकर महेंद्र ने कार्रवाई की मांग की है.
जिक्र है कि गूगल में नंबर सर्च कर पहले डीलरशिप के लिए संपर्क किया था. इसके बाद नाम-पता सत्यापित करने के लिए पुत्र के मेल आइडी पर उनलोगों ने वेब पेज भेजा था. पुत्र गौरव के नाम से केवाइसी अपडेट कराया. इसके बाद अलग-अलग दो मोबाइल नंबर से कॉल कर पुत्र को बताया गया कि डीलरशिप के लिए चयन कर लिया गया है.
फिर पुत्र के मेल आइडी पर नियम-शर्त संबंधित कागजात भेजकर बतौर सिक्योरिटी 25 हजार रुपये जमा करने को कहा गया. इसके बाद उनलोगों द्वारा दिये गये मुंबई के धरबी रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के इंडियन बैंक के एकाउंट में महेंद्र ने अपने एचडीएफसी एकाउंट से 25 अप्रैल को 25 हजार रुपये एनइएफटी कर दिया. फिर मेल व फोन कर कहा गया कि पांच लाख रुपये का सामान लेने के लिए 1,75,000 रुपये जमा करना होगा. पुन: महेंद्र ने अपने सिंडिकेट बैंक एकाउंट द्वारा उक्त राशि 1,75,000 रुपये 30 अप्रैल को एनइएफटी कर दिया.
इसके बाद उनलोगों ने सामान नहीं दिये. फोन कर पूछने पर तरह-तरह की बात कर भ्रम में रखा जाने लगा. कभी कहता था कि दुकान व गोदाम का सत्यापन करने आदमी जा रहा है. कई बार पूछने पर सामान भेजने का मेल कर दिया. काफी दिनों तक सामान नहीं मिलने पर संपर्क किया गया तो कहा कि वेरिफिकेशन के लिए 73000 रुपये जमा करना होगा. इसके बाद लगा कि वह ठगी का शिकार हो गया है, तब शिकायत देने तीन जून को साइबर थाना पहुंचा. समाचार लिखे जाने तक साइबर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
