मधुपुर : मंगलवार को करौं थाना क्षेत्र के जग्गाडीह में साइबर अपराधियों को पकड़ने गयी पुलिस के साथ स्थानीय लोगोंं ने हाथापाई की व आरोपित को भागने का मौकादे दिया. पुलिस वहां रोबिन मंडल के बेटे मुकेश की तलाश में पहुंची थी. उस पर साइबर ठगी का आरोप है. रोबिन ने हो हल्ला कर कई ग्रामीणों को बुला लिया. ग्रामीणों ने जम कर पुलिस का विरोध किया और हाथापाई कर दी.
मुकेश हो हंगामा के बीच पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. इस बीच मारगोमुंडा पुलिस भी जग्गाडीह गांव पहुंच गयी और दोनों थाने की पुलिस टीम ने किसी तरह विरोध कर रहे ग्रामीणों को नियंत्रित किया. मामले में पुलिस ने रोबिन के नाबालिग पुत्र अजीत मंडल को अपने साथ थाने ले आयी. पुलिस के साथ हाथापाई के आरोप में रोबिन को भी हिरासत में लिया गया है. इसके घर से कई मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किये हैं. दो वर्ष पूर्व भी साइबर अपराधी को पकड़ने गये मारगोमुंडा के तत्कालीन थाना प्रभारी जयराम प्रसाद समेत अन्य जवानों के साथ ग्रामीणों ने जम कर मारपीट की थी और थाना की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया था. उस दौरान भी करौं थाना में एक मामला दर्ज किया गया था.
