कल्हाजोर पहुंचा हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत

मधुपुर : हाथियों का झुंड सोमवार की अहले सुबह लखनुवा गांव में घुस गया. 18 हाथियों के झुंड के गांव में घुसने की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गयी. ग्रामीण घर छोड़ कर इधर-उधर भागने लगे. पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. वन विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंचे और लोगों को […]

मधुपुर : हाथियों का झुंड सोमवार की अहले सुबह लखनुवा गांव में घुस गया. 18 हाथियों के झुंड के गांव में घुसने की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में दहशत फैल गयी. ग्रामीण घर छोड़ कर इधर-उधर भागने लगे. पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी. वन विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंचे और लोगों को हाथियों के झुंड से दूर रहने की अपील की.
ग्रामीणों ने अपने-अपने घर के बाहर आग जला कर हाथियों के झुंड को भगाने का प्रयास किया. दिन भर हाथियों का झुंड गांव में ही डेरा जमाये रहा. हाथियों के झुंड को देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों के लोग लखनुवा पहुंचे. वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को हाथियों के झुंड के नजदीक नहीं जाने दिया. समय समय पर माइकिंग की जाती रही. शाम पांच बजे के बाद वन विभाग के 25 कर्मी व अधिकारी के अलावा हाथियों को खदेड़ने के लिए बनाया गये विशेष दस्ते ने हाथियों को गांव से निकाला. इसके बाद हाथियों का झुंड बकजोरा, कजरा,
रूपाबाद होते हुए कल्हाजोर तक पहुंच चुका था.
मधुपुर के वन क्षेत्र पदाधिकारी महादेव रजक ने बताया कि हाथियों को झुंड को सकरपुर, नारायणपुर होते हुए टुंडी प्रवेश कराने का प्रयास किया जा रहा है. सायरन वाली गाड़ी, पटाखा व आग से उसे भगाने का प्रयास जारी है. हाथियों का झुंड दिन में एक ही जगह खड़ा रहता है. शाम होते ही हाथियों का झुंड चलना प्रारंभ करता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >