देवघर : केंद्र सरकार के चार वर्ष पूरे होने, सरकार की उपलब्धियों को गिनाने तथा योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी युवा मोरचा के बैनर तले कार्यकर्ताओं द्वारा नगर स्टेडियम से मोटरसाइकिल रैली निकाली गयी.
रैली की अगुवाई भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अभय आनंद झा कर रहे थे. कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिल के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने सब का साथ सबका विकास नारे को चरितार्थ किया. कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया. टावर चौक पर नुक्कड़ सभा कर लोगों को सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं के बारे में अवगत कराया.
विधायक व प्रदेश मीडिया प्रभारी ने किया संबोधित
देवघर विधायक नारायण दास ने कहा कि भाजयुमो का यह ऐतिहासिक जुलूस है. हमें सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना होगा. प्रदेश मीडिया प्रभारी सह देवघर जिला प्रभारी निशिकांत चौहान ने केंद्र सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत कराया. कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकर्ता निर्मल मिश्रा, कुंदन झा, ललन मिश्रा, निरंजन देव, संजय वर्मा, अजीत, प्रवीण ठाकुर, संदीप विश्वकर्मा, दीपक केसरी, अजय सिंह, मनीष, मनीष वरनवाल, अनिरुद्ध झा, देवाशीष, विकास आदि की भूमिका सराहनीय रही.
