मधुपुर : नगर पर्षद चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ. अधिकतर बूथों पर साढ़े छह बजे से ही मतदाता कतार में लगने शुरू हो गये थे. मतदान केंद्र संख्या 192 संत जोसेफ उच्च विद्यालय में सुबह आठ बजे मतदान के बीच उपाध्यक्ष पद प्रत्याशी के लिए लगी इवीएम खराब हो गयी. इसके कारण 20 मिनट मतदान रुका रहा.
मशीन बदलने के बाद दोबारा मतदान प्रारंभ हुआ. वहीं मतदान केंद्र संख्या 198 राजकीय कृत रामयशो राय संस्कृत विद्यालय में वार्ड पार्षद प्रत्याशी के लिए लगी इवीएम खराब हो गयी. इसके कारण दोपहर सवा 12 बजे से आधा घंटे तक के लिए मतदान बाधित हुआ. इवीएम बदलने के बाद यहां भी मतदान दोबारा शुरू हुआ. सभी 46 बूथों पर मतदान सुबह सात बजे निर्धारित समय पर शुरू हो गया था. सिर्फ दो बूथों पर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए मतदान बाधित हुआ. बाकी सभी जगह सामान्य तरीके से मतदान हुआ.
सुबह नौ बजे तक 14.69 प्रतिशत, 11 बजे तक 21.07, दोपहर एक बजे तक 46.77, तीन बजे तक 60.27 प्रतिशत व मतदान संपन्न होने तक 68.32 प्रतिशत मतदान हुआ.कुल 37 हजार 208 मतदाता थे. 25 हजार 419 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इनमें 13 हजार 478 पुरुष व 11 हजार 941 महिला मतदाताओं ने वोट डाले. शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय रहा.
