चतरा. राष्ट्रीय पोषण माह के तहत रविवार को समाहरणालय परिसर से गिद्धौर मुख्यालय तक साइकिल रैली निकाली गयी. कार्यक्रम निदेशक समाज कल्याण विभाग, रांची के निर्देश पर मिशन सक्षम आंगनबाड़ी व पोषण 2.0 के तहत किया गया. उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं साइकिल चलाकर रैली में शामिल हुईं. उन्होंने जिलेवासियों से पोषण माह के दौरान कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की. रैली में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्कूली बच्चे शामिल हुए. रैली से पूर्व समाहरणालय परिसर में विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इसमें उपायुक्त सहित सभी पदाधिकारियों व प्रतिभागियों ने कुपोषण मुक्त चतरा बनाने की शपथ ली. गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय पहुंचने पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने उपायुक्त का पौधा भेंटकर स्वागत किया. इसके बाद उपायुक्त ने “मां के नाम पौधा” अभियान के तहत पौधरोपण किया. डीसी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर दी जानेवाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया. वहीं बच्चों का पूर्ण टीकाकरण व समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने कि बात कही. मौके पर डीडीसी अमरेंद्र कुमार सिन्हा, एसी अरविंद कुमार, डीइओ दिनेश कुमार मिश्रा, डीएसइ रामजी कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रेणु रवि समेत कई लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
