चतरा. पुलिस ने देवघर से एक साइबर अपराधी मुन्ना मंडल को गिरफ्तार किया है. वह देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र के खागा गांव का रहनेवाला है. उसके पास से एक स्कॉर्पियो (जेएच-15एएच-5955), 13 एटीएम कार्ड व दो मोबाइल जब्त किये गये हैं. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नौ जुलाई-2025 को प्रतापपुर थाना क्षेत्र के टंडवा गांव निवासी अशोक कुमार प्रजापति ने प्रतापपुर थाना में आवेदन दिया था. इसमें बताया कि साइबर अपराधी ने एक लिंक भेजा था. लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से सात लाख एक हजार रुपये उड़ा लिये गये. आवेदन के आधार पर प्रतापपुर थाना कांड संख्या 69/25 के तहत मामला दर्ज किया गया. साइबर अपराध कांड के उद्भेदन को लेकर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी शाखा के सहयोग से अनुसंधान किया. इस दौरान सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से साइबर अपराधी की पहचान की. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस कांड में शामिल एक अन्य साइबर अपराधी की पुलिस तलाश कर रही है. गिरफ्तार मुन्ना मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ देवघर साइबर थाना में मामला दर्ज है. छापामारी टीम में एसडीपीओ के अलावा चतरा सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, प्रतापपुर थाना प्रभारी कासिम अंसारी, सदर थाना के एसआई कुमार गौतम, कई पदाधिकारी व जवान शामिल थे. बता दे कि मुन्ना व उसके गिरोह द्वारा मोबाईल पर कोई लिंक भेज कर जाल में फंसाता था और लिंक पर क्लिक करने के बाद वह खाते से राशि उड़ा लेता था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
