चतरा. कलश स्थापना के साथ ही सोमवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो जायेगी. रविवार से ही पूजा को लेकर जिला मुख्यालय स्थित बाजारों में श्रद्धालुओं का उत्साह रहा. बाजार में पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए दुकानों में लोगों की भीड़ लगी रही. प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जायेगी. आचार्य चेतन पांडेय ने बताया कि इस बार शारदीय नवरात्र 10 दिनों का होगा. इस बार माता दुर्गा का आगमन हाथी पर सवार होकर हो रहा है, जो शुभ संकेत है. गज पर माता का आगमन किसानों के लिए समृद्धि का संकेत है. पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा होगी. प्रातः काल 7:30 से 9:00 तक राहु काल रहेगा. राहुकाल के समय का परित्याग कर श्रद्धालु दिन भर कभी भी कलश स्थापना कर सकते हैं. आचार्य ने कहा कि नवरात्र एक अक्तूबर बुधवार तक चलेगा. विजयादशमी दशमी का त्योहार दो अक्टूबर को मनाया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
