चतरा से दीनबंधू और मो. कासिफ की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई. अचानक बदले मौसम ने इलाके में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया. कई जगहों पर पेड़, बिजली पोल और घरों के करकट उड़ने से लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा.
सड़क पर गिरे पेड़, घंटों बाधित रहा आवागमन
हंटरगंज-चतरा मुख्य मार्ग पर डुमरी कॉलेज के पास आधा दर्जन से अधिक पेड़ सड़क पर गिर गए. इसके कारण करीब तीन से चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा. छोटे-बड़े वाहन सड़क पर फंसे रहे और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने किसी तरह रास्ता साफ कर आवाजाही बहाल की.
बिजली व्यवस्था ठप होने से बढ़ी परेशानी
आंधी-तूफान के दौरान दर्जनों बिजली के पोल और पेड़ गिर गए, जिससे इलाके में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को पानी, रोशनी और दैनिक कार्यों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बनी रही.
हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
तेज आंधी के दौरान बिजली पोल की चपेट में आने से खूंटी केवल खुर्द गांव निवासी 50 वर्षीय मो. मुमताज अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है.
घर और संपत्ति को भारी नुकसान
आंधी-तूफान से कई घरों को भारी नुकसान हुआ है. डुमरी गांव निवासी पिंटू सिंह का करकट का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं ऊचला गांव के मो. जुगनू का मुर्गी फार्म का करकट गिरने से बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. इसके अलावा शिवनाथ सिंह के बाउंड्री पर पुराना ब्रिज गिरने से भंडार पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. अन्य कई घरों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है.
इसे भी पढ़ें: पुलिस हिरासत में पिटाई पर हाईकोर्ट सख्त, स्वास्थ्य सचिव और सरायकेला एसपी से मांगा जवाब
प्रशासन ने शुरू की राहत प्रक्रिया
मामले को लेकर अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार ने बताया कि जिन लोगों को नुकसान हुआ है, वे आवेदन और फोटो के साथ अंचल कार्यालय में जमा करें. इसके बाद कर्मचारी मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करेंगे और आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: खरसावां के सरदार हत्याकांड में खुलासा: पत्नी और साला ने दूसरों के साथ मिलकर की थी हत्या, चार गिरफ्तार
