जोरी. वशिष्ठ नगर पुलिस ने रविवार की रात छापामारी अभियान चलाते हुए मोरैनवा टोला प्लाजा के पास एक स्कॉर्पियो की तलाशी ली. वाहन में 552 बोतल अंग्रेजी शराब लदी थी. पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए चालक इटखोरी थाना क्षेत्र के नगवां गांव निवासी पप्पू भुइयां (पिता-बिरन भुइयां) को गिरफ्तार कर लिया. वाहन से दो फर्जी नंबर प्लेट जब्त किये गये. थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब लदी स्कॉर्पियो जोरी की ओर से गुजरनेवाली है. सूचना के आलोक में छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने टोला प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान वाहन की तलाशी गयी, जिसमें 11 पेटी 375 एमएल रॉयल स्टैग व्हिस्की की 264 बोतल, 12 पेटी 500 एमएल गॉडफादर बियर की 288 बोतल जब्त की गयी. शराब कान्हाचट्टी से बिहार ले जाने की तैयारी थी. पूछताछ में चालक ने बताया कि अवैध शराब की ढुलाई के दौरान फर्जी नंबर प्लेट प्रयोग किया जाता था. इस संबंध में वशिष्ठ नगर थाना में कांड संख्या 66/25 के तहत उत्पाद अधिनियम का मामला दर्ज कर गिरफ्तार चालक को जेल भेज दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
