चतरा. शारदीय नवरात्र के आठवें दिन महागौरी माता की पूजा-अर्चना भक्तिभाव से की गयी. पूजा को लेकर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही लगी रही. महिलाएं उपवास रहकर माता की पूजा-अर्चना की. साथ ही अपने व अपने परिवार की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की. पूजा पंडालों में संधि बली दी गयी. इस दौरान माता के जयकार व पंडितों के मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र गूंजायमान रहा. प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी…समेत अन्य भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है. पूजा को लेकर चहुंओर उत्साह व उमंग देखा जा रहा है. खास कर छोटे-छोटे बच्चों व महिलाओंं में उत्साह देखते ही बन रहा है. सुबह-शाम माता की आरती उतारी जा रही है. महाआरती में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. पूजा को लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. कहीं डांडिया तो कहीं नाटक, तो कहीं भक्ति जागरण का आयोजन किया जा रहा है. वहीं दूसरी ओर दुर्गा पूजा में विधि व्यवस्था बनी रहे, इसे लेकर जिला व पुलिस प्रशासन मुस्तैद दिख रहे हैं. पूजा पंडालों के अलावा चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व जवानों की तैनाती की गयी है. पुलिस हरेक गतिविधियों पर नजर रख रही है. असामाजिक तत्वों पर व सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है. समिति के लोग भी पूजा शांतिपूर्ण संपन्न कराने में लगे हुए हैं. बुधवार को माता के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
