चतरा. सदर पुलिस ने शहर के बुच्चीडाड़ी से देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक सुरेंद्र कुमार कुंदा थाना क्षेत्र के बजराही गांव (वर्तमान पता बुच्चीडाड़ी) का रहनेवाला है और पूर्व जिप सदस्य पृथ्वी गंझू का पुत्र है. एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति बुच्चीडाड़ी स्थित अपने घर में देसी कट्टा व गोली रखे हुए है. सूचना पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम घर पहुंची, जो पुलिस को देख युवक ने भागने का प्रयास किया. पुलिस ने उसे खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर घर के कमरे में पलंग के बॉक्स में छुपा कर रखा देसी कट्टा व गोली जब्त किया गया. इस संबंध में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया. एसपी ने कहा कि उसे देसी कट्टा व गोली देनेवालों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. छापामारी में एसडीपीओ संदीप सुमन, थाना प्रभारी विपिन कुमार, एएसआइ जयप्रकाश सिंह व कई जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
