चतरा से दीनबंधू की रिपोर्ट
Chatra News: झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है. एसएस प्लस टू हाई स्कूल की छात्रा आकांक्षा कुमारी ने झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) इंटर साइंस परीक्षा में 481 अंक हासिल कर जिला टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है. इतना ही नहीं, उन्होंने पूरे राज्य में तीसरा स्थान भी हासिल कर अपने जिले और परिवार का नाम रोशन किया है.
मेहनत और लगन से हासिल की सफलता
आकांक्षा की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का बड़ा योगदान है. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर में खुशी का माहौल है. परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और आसपास के लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं. आकांक्षा ने साबित कर दिया कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, तो सफलता जरूर मिलती है.
डॉक्टर बनकर करना चाहती हैं सेवा
आकांक्षा कुमारी का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है. उन्होंने कहा कि देश में डॉक्टरों की कमी है, खासकर गरीबों को सही समय पर इलाज नहीं मिल पाता. इसी उद्देश्य से वह आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए मेडिकल क्षेत्र में जाना चाहती हैं. उन्होंने यह भी बताया कि इंटर की पढ़ाई के साथ-साथ वह नीट परीक्षा की तैयारी भी कर रही थीं.
सफलता का श्रेय परिवार को
आकांक्षा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने चाचा जीवन सिंह और माता-पिता को दिया है. उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था. उनके पिता मुकेश सिंह उर्फ छोटू और माता गुड़िया देवी ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया. उन्होंने कहा कि आकांक्षा शुरू से ही मेहनती रही है और उन्हें पहले से ही विश्वास था कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगी.
इसे भी पढ़ें: रांची में पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह से मिले मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पल्स अस्पताल में हैं भर्ती
परिवार और समाज में खुशी का माहौल
आकांक्षा की इस सफलता से पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है. उनकी उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है. अब सभी को उम्मीद है कि वह अपने सपनों को पूरा करते हुए समाज के लिए एक मिसाल कायम करेंगी.
इसे भी पढ़ें: राधाकृष्ण किशोर के बयान पर ज्योतिश्वर सिंह का पलटवार, बोले- कर रहे अनर्गल प्रलाप
