हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान है छऊ नृत्य : दीपक बिरुवा

विभिन्न कलाकार दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव, शक्ति और महिषासुर वध जैसी पौराणिक गाथाओं पर आधारित मनमोहक छऊ नृत्य प्रस्तुत किया

चाईबासा.

झींकपानी प्रखंड के गुड़ा गांव में श्री श्री शिव मंदिर पूजा समिति के तत्वावधान में भव्य छऊ नृत्य महोत्सव का आयोजन किया गया. यह महोत्सव सांस्कृतिक उत्साह, सामाजिक एकता और पारंपरिक गौरव का अनुपम संगम बना. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि परिवहन, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री दीपक बिरुवा ने किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और कला प्रेमी उपस्थित थे.

कलाकारों के उत्थान के लिए सरकार प्रयासरत

मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध आदिवासी और लोक सांस्कृतिक विरासत है. अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को जीवित और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. राज्य सरकार भी लोककला के संरक्षण और कलाकारों के उत्थान के लिए निरंतर काम कर रही है. प्रखंड प्रमुख प्रदीप तामसोय ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी अनमोल धरोहर है, जिसे नयी पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है. ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा और सांस्कृतिक जागरुकता बढ़ती है. इससे पूर्व समिति द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया.

पौराणिक कथाओं पर नृत्य ने दर्शकों का मोहा मन

महोत्सव के दौरान विभिन्न कलाकार दलों ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव, शक्ति और महिषासुर वध जैसी पौराणिक गाथाओं पर आधारित मनमोहक छऊ नृत्य प्रस्तुत किया. कलाकारों के अद्भुत अभिनय और जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष नागेंद्र किशोर समाड़, दर्जी समाड़, मनीष समाड़, छोटेलाल समाड़ और देवाशीष समाड़ सहित सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही. अंत में समिति ने संकल्प लिया कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को बचाये रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे. इस अवसर झींकपानी थाना प्रभारी, पंसस कृष्ण हांसदा आदि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >