बोकारो यातायात पुलिस और एमवीआइ की टीम ने शनिवार को आइटीआइ मोड़, चास में बड़े वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 60 बड़े वाहनों पर जुर्माना लगाया गया. कार्रवाई के दौरान कुल 77,450 रुपये की वसूली की गयी. अभियान का नेतृत्व यातायात इंस्पेक्टर नीतिश कुमार ने किया.
सड़क किनारे बड़े वाहन खड़े करने की शिकायत
यातायात पुलिस के अनुसार, आइटीआइ मोड़ और आसपास के मार्गों पर सड़क किनारे बड़े वाहनों को अनावश्यक रूप से खड़ा किये जाने की शिकायत लगातार मिल रही थी. सड़क के किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने से आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. इसी को देखते हुए शनिवार को सुबह से शाम तक संयुक्त जांच अभियान चलाया गया.
नियमों की अनदेखी पर लगाया जुर्माना
अभियान के दौरान टीम ने सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों की जांच की. इस दौरान 60 वाहनों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया. सभी वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया और जुर्माने की राशि वसूलने के बाद उन्हें छोड़ा गया.
दोबारा उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
यातायात इंस्पेक्टर नीतिश कुमार ने कहा कि बड़े वाहनों को सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा करने से दुर्घटना का खतरा बढ़ता है. चालकों को पहले भी इस संबंध में हिदायत दी गयी थी, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा और दोबारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी.
यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
यातायात पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाना है. सड़क किनारे बड़े वाहनों के अनधिकृत या अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने से वाहन चालकों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी. अभियान में यातायात पुलिस के साथ एमवीआइ कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे.
