5 सितंबर को झारखंड आंदोलनकारियों को मिलेगा सम्मान, शिबू सोरेन स्मृति भवन में बांटे जायेंगे प्रमाण-पत्र

झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग को सम्मान देने के लिए 5 सितंबर को शिबू सोरेन स्मृति भवन में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा. उपायुक्त अजय नाथ झा ने अधिकारियों को आंदोलनकारियों की सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. समारोह में भोजन-अल्पाहार की भी व्यवस्था रहेगी.

झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में पांच सितंबर को कैंप टू स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जायेगा. समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में झारखंड आंदोलनकारियों के साथ संवाद किया. उपायुक्त ने समारोह में आंदोलनकारियों की सुविधा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.

दस्तावेज सत्यापन के लिए लगेंगे अलग-अलग काउंटर

उपायुक्त ने कहा कि समारोह के दौरान प्रमाण-पत्र से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाये जायेंगे. उन्होंने एनडीसी राज शर्मा को पर्याप्त संख्या में काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आंदोलनकारियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए अनावश्यक परेशानी न हो.

उपायुक्त ने आंदोलनकारियों से समारोह को लेकर सुझाव भी मांगे. उन्होंने कहा कि पांच सितंबर को आंदोलनकारी अपने सुझावों को क्रमबद्ध तरीके से जिला प्रशासन के समक्ष उपलब्ध करा सकते हैं.

भोजन और अल्पाहार की भी रहेगी व्यवस्था

समारोह में शामिल होने वाले सभी झारखंड आंदोलनकारियों के लिए भोजन और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आंदोलनकारियों की सुविधा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाये. समारोह के बाद आंदोलनकारियों के साथ उपायुक्त भी खिचड़ी-चोखा के सहभोज में शामिल होंगे.

आंदोलनकारियों ने उपायुक्त से प्रमाण-पत्र देने का किया आग्रह

संवाद के दौरान झारखंड आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि उपायुक्त अजय नाथ झा स्वयं अपने हाथों से प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे, तो यह उनके लिए गरिमा और सम्मान का विषय होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण के लिए किये गये उनके संघर्ष और त्याग को जिला प्रशासन की ओर से सम्मान मिलना भावुक और गौरवपूर्ण क्षण होगा.

बैठक में शामिल झारखंड राज्य आंदोलनकारी | Prabhat Khabar Network

आंदोलनकारियों की भावना को स्वीकार करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने स्वयं प्रमाण-पत्र वितरित करने पर सहमति जतायी.

झारखंड निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अविस्मरणीय

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके संघर्ष, त्याग और योगदान को सम्मान देना सभी के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित करना जिला प्रशासन के लिए भी गौरव की बात है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By C p singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >