तेनुघाट. बेरमो अनुमंडल विस्थापित संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले विभिन्न विस्थापित संगठनों की ओर से सोमवार को बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ को 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया. उक्त मांगें तेनुघाट-कोनार डैम बांध परियोजना, बीटीपीएस और सीटीपीएस से संबंधित विस्थापितों से जुड़ी हैं. मांग पत्र में कहा गया है कि सरकार द्वारा विस्थापन आयोग का अविलंब गठन किया जाये. विस्थापित परिवारों को जमीन अधिग्रहण के एवज में नौकरी दी जाये व राज्य की सभी बहालियों में इनके लिए 75 प्रतिशत पद आरक्षित हो. पुनर्वास क्षेत्र में बसाये गये विस्थापित परिवारों को दिये वासगीत पर्चा के आधार पर जमीन का मालगुजारी रसीद निर्गत किया जाये व वंचित विस्थापित परिवारों का पुनर्वास हो. जमीन अधिग्रहण के एवज में बकाया मुआवजा वर्तमान बाजार दर से अविलंब भुगतान हो. सभी विस्थापित परिवारों को विस्थापित प्रमाण पत्र दिया जाये. तेनुघाट और कोनार डैम बांध के पानी से चलने वाले बोकारो स्टील प्लांट और बीटीपीएस की बहालियों में स्थानीय विस्थापित को नियोजन की गारंटी दी जाये. इन परियोजनाओं के लिए जिस उद्देश्य से भूमि अधिग्रहित की गयी है, उसका उपयोग इसी काम के लिए हो. ग्रामसभा की अनुमति के बिना निजी या अन्य कार्यों में भूमि का उपयोग नहीं किया जाये. एसडीओ ने कहा कि वे इस संबंध में अग्रतर कार्यवाही के लिए उच्च अधिकारियों के पास पत्राचार करेंगे. मौके पर विस्थापित नेता भुवनेश्वर केवट, उमाचरण रजवार, बालेश्वर यादव, छत्रधारी ठाकुर, रुस्तम अंसारी, पवन ठाकुर, छोटेलाल बेसरा, राजेश नायक आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
