बीएसएल के 169 असुरक्षित ब्लॉकों में 1263 क्वार्टर, कर्मियों से जल्द खाली करने की अपील

बोकारो स्टील प्रबंधन ने 169 आवासीय ब्लॉकों के 1263 क्वार्टरों को निवास के लिए असुरक्षित घोषित किया है. एनआईटी पटना के विशेषज्ञों द्वारा स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद यह निर्णय लिया गया है. प्रबंधन ने सभी सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों से अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द ये आवास खाली करने का आग्रह किया है.

बोकारो स्टील सिटी टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में 169 आवासीय ब्लॉकों के 1263 क्वार्टर को बीएसएल प्रबंधन निवास के लिए असुरक्षित घोषित कर चुका है. इन ब्लॉकों में रहने वाले सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों से प्रबंधन ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द आवास खाली कर सुरक्षित क्वार्टर में स्थानांतरित होने की अपील की है. प्रबंधन के अनुसार, असुरक्षित घोषित भवनों में कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है.

हाल ही में शुक्रवार को सेक्टर-12 ई के एक ब्लॉक में हादसा हुआ था. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इसके बाद असुरक्षित घोषित आवासों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. प्रबंधन का कहना है कि ऐसी घटनाओं को देखते हुए असुरक्षित भवनों को खाली कराना जरूरी है.

एनआइटी पटना के विशेषज्ञों ने किया स्ट्रक्चरल ऑडिट

बीएसएल के अनुसार, सेक्टर-12 और सेक्टर-6 के कुछ आवासों में हाल के महीनों में भवन के हिस्से अचानक गिरने की घटनाएं सामने आयी थीं. इसके बाद आवासधारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित आवासीय ब्लॉकों और क्वार्टरों का चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया गया. एनबीसीसी के माध्यम से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी), पटना के विशेषज्ञों ने इन भवनों का निरीक्षण किया.

प्रथम चरण में विशेषज्ञों के व्यापक निरीक्षण के बाद 169 आवासीय ब्लॉकों को निवास के लिए असुरक्षित घोषित किया गया. इसके अलावा टाउनशिप के विभिन्न सेक्टरों में अन्य असुरक्षित ब्लॉकों की पहचान के लिए चरणबद्ध तरीके से स्ट्रक्चरल ऑडिट की प्रक्रिया भी जारी है.

सुरक्षित आवास में शिफ्ट होने के लिए कई बार दिया नोटिस

बीएसएल प्रबंधन के मुताबिक, असुरक्षित घोषित ब्लॉकों में रह रहे आवासधारियों को सुरक्षित आवास में स्थानांतरित करने के लिए कई स्तर पर सूचना दी गयी है. संबंधित आवासों में नोटिस चिपकाने के साथ अखबारों के माध्यम से सार्वजनिक सूचना भी जारी की गयी. इसके अलावा प्रभावित आवासधारियों को व्यक्तिगत लीगल नोटिस भी दिये गये हैं.

प्रबंधन की ओर से एनआइटी पटना के विशेषज्ञों के साथ प्रभावित आवासधारियों का सीधा संवाद भी कराया गया, ताकि भवनों की स्थिति और संभावित खतरे के बारे में उन्हें जानकारी दी जा सके.

वैकल्पिक आवास की व्यवस्था के बावजूद कई क्वार्टर खाली नहीं

बीएसएल का कहना है कि प्रभावित कर्मियों को सुरक्षित आवास में स्थानांतरित करने की व्यवस्था भी की गयी है. इसके बावजूद कई सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मी अब तक असुरक्षित क्वार्टरों में रह रहे हैं. प्रबंधन ने इसे गंभीर सुरक्षा चिंता बताते हुए एक बार फिर आवासधारियों से तत्काल स्थानांतरण कराने की अपील की है.

सेक्टर-12 की घटना के बाद बढ़ी चिंता

सेक्टर-12 ई में शुक्रवार को हुई घटना ने असुरक्षित घोषित आवासों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रबंधन का कहना है कि भवनों की जर्जर स्थिति को देखते हुए भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.

बीएसएल प्रबंधन ने कहा है कि आवासधारी नगर प्रशासन की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार अपने आवास को जल्द खाली कर सुरक्षित क्वार्टर में स्थानांतरित करा लें. प्रबंधन का जोर है कि किसी संभावित दुर्घटना से पहले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >