बोकारो, चीरा चास थाना क्षेत्र से एक माह से गायब प्रेमी युगल को सोमवार को धनबाद जिले के बलियापुर से बरामद किया गया. मंगलवार को युवती का बयान बोकारो न्यायालय में कलमबद्ध कराने के बाद युवक को चास जेल भेज दिया गया. फिलहाल युवती की मेडिकल जांच कराने की तैयारी चल रही है. युवक चीरा चास थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट का रहने वाला है. जबकि युवती चास थाना क्षेत्र की रहनेवाली है. युवती को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार युवक व युवती एक माह पूर्व अचानक घर से गायब हो गये थे. इस संदर्भ में चीरा चास थाना में एक आवेदन देकर युवक पर युवती को भगाने का आरोप लगाया गया था. चीरा चास थाना प्रभारी चंदन कुमार दूबे ने दोनों की माेबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया था. इस बीच टेक्निकल सेल का सहारा लगातार श्री दूबे ने लिया. सोमवार को पता चला कि मोबाइल का लोकेशन स्थायी रूप से धनबाद जिला के बलियापुर मिल रहा है. एक टीम लेकर श्री दूबे धनबाद पहुंचे. स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों को बरामद कर लिया.
जांच में जुटी थी पुलिस
चीरा चास थाना प्रभारी चंदन कुमार दूबे ने कहा कि एक माह पहले प्रेमी युगल घर से गायब हो गये थे. लगातार छानबीन चल रही थी. सोमवार को दोनों के मोबाइल लोकेशन से पता चला कि धनबाद के बलियापुर में है. इसके बाद दोनों को बरामद कर लिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
