चास, बोकारो के चास पुराना बाजार स्थित हरि मंदिर परिसर में 12 फरवरी से चल रहे रामराजा मेला में लोगों की खूब भीड़ उमड़ रही है. बुधवार को प्रभु श्रीराम के दर्शन करने व मेला का आनंद उठाने चास और चंदनकियारी के विभिन्न गांव से हजारों श्रद्धालु पहुंचे. लोगों ने विभिन्न प्रकार के कृषि कार्य के उपकरण सामग्री और हस्त निर्मित सामान सहित लोहे से निर्मित बर्तन की खरीदारी की.
महिलाओं ने शाखा पोला, चूड़ी, शंख सहित मीना बाजार में खूब खरीदारी की. बच्चों ने विभिन्न प्रकार के झूला ,नाव, मिक्की माउस व जंपिंग में चढ़ कर आनंद उठाया. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूजा समिति की ओर से मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है. मेला के दौरान पुलिस बल भी तैनात है. गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाल कर प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश यात्रा
बोकारो, सेक्टर-9 बी स्थित श्री श्री नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बुधवार को कलश शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा में मोहल्ले की 251 महिलाओं व कुंवारी कन्याओं ने भाग लिया. इसके पूर्व सभी ने कलश लेकर गाजे-बाजे के साथ हर हर महादेव, जय शिव शंभू का जयकारा लगाते हुए सेक्टर 9 बी कॉलोनी रोड होते हुए नवनाथ मंदिर पहुंची. जहां देवी-देवताओं का आह्वान कर आचार्य सुनील कुमार पांडेय व पांच पुरोहितों ने संकल्प पाठ, पूजन व गंगा आरती करायी. इसके बाद नवनाथ मंदिर से कलश में जल भरकर कुंवारी कन्याओं व महिलाओं ने जल भरा कलश रखकर गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा में शामिल होकर नगर भ्रमण किया. पूजा समिति के सदस्यों में रवि शंकर, यजमान आशीष कुमार व सुमन देवी, योगेंद्र कुमार, एनके सिंह, बीपी सिंह, एसएन सिंह, एचके सिंह, डीपी चौधरी, गौरांग, विक्की सिंह, राम कुमार, संजय, मिथलेश आदि मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
