रांची. राजधानी में मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगरमी तेज हो गयी है. वर्षा गाड़ी आजसू और रमा खलखो कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार होंगी. दोनों ही पार्टियां अपने-अपने समर्थित प्रत्याशी को जीताने के लिए पूरी ताकत लगायेंगी.
आजसू विधायक नवीन जायसवाल ने कहा है कि वर्षा गाड़ी को पार्टी का पूरा समर्थन मिलेगा. पार्टी के कार्यकर्ता और नेता इनकी जीत सुनिश्चित कराने के लिए मुहिम में जुटेंगे. राजधानी के लोगों की समस्या और सरोकार को पार्टी मुद्दा बना कर मैदान में उतरेगी. श्री जायसवाल ने कहा कि राजधानी को बेहतर और बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए आजसू कुशल नेतृत्व देने का प्रयास करेगी. इधर कांग्रेस ने भी चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है. महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आभा सिन्हा ने दो जून को मेयर चुनाव के मद्देनजर महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों की बैठक बुलायी है. बैठक में पूर्व मेयर रमा खलखो भी मौजूद रहेंगी.
इतनी बेचैनी क्यों? : सामाजिक कार्यकर्ता रतन तिर्की ने मेयर चुनाव कराये जाने पर राज्य सरकार व राज्य निर्वाचन आयोग पर सवाल खड़ा किया है. उन्होंने कहा कि हटिया उपचुनाव और राज्यसभा चुनाव मामला कोर्ट के निर्णय के बाद संपन्न हुआ तो मेयर चुनाव को लेकर सरकार हड़बड़ी में क्यों है?
