Dharamjaigarh to Lohardaga Rail Line : रेल मंत्रालय ने झारखंड के लोहरदगा से छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ तक नई रेल लाइन को विशेष रेल परियोजना के तौर पर मंजूरी दी है. इस परियोजना के पूरा होने से छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले को पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने का रास्ता साफ होगा. प्रस्तावित रेल लाइन लोहरदगा से शुरू होकर जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव होते हुए धरमजयगढ़ तक जाएगी. इससे इन इलाकों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास को भी बढ़ावा मिल सकता है.
जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना के तहत करीब 291 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाई जाएगी. यह रेल लाइन छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ से शुरू होकर पत्थलगांव, कुनकुरी और जशपुर से होते हुए झारखंड के लोहरदगा तक जाएगी. रेल लाइन बनने के बाद इन इलाकों के लोगों के लिए सफर आसान होगा और दूसरे शहरों तक पहुंचना भी सुविधाजनक हो जाएगा.
परियोजना पर तेजी से होगा काम
भारत सरकार ने इस रेल परियोजना को ‘विशेष रेल परियोजना’ का दर्जा दिया है. इसकी अधिसूचना जारी होने के बाद परियोजना अब आधिकारिक रूप से लागू हो चुकी है. इसका सीधा मतलब है कि अब नई रेल लाइन से जुड़े जरूरी काम आगे बढ़ सकेंगे और परियोजना को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो सकती है.
अभी क्या है रूट की स्थिति?
छत्तीसगढ़ के जशपुर से झारखंड की राजधानी रांची जाने के लिए फिलहाल लोगों के पास सड़क का ही विकल्प है. इस इलाके में लंबे समय से रेल लाइन की मांग होती रही है. पहले यहां की सड़कें काफी खराब थीं. पिछले कुछ सालों में कई जगह सड़कें बेहतर हुई हैं, लेकिन पत्थलगांव के आसपास अब भी सड़क की हालत ठीक नहीं है. ऐसे में अगर इस रूट पर ट्रेन शुरू होती है, तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. सफर में समय कम लगेगा और खराब सड़कों की परेशानी से भी काफी हद तक छुटकारा मिल सकेगा.
