हर-हर महादेव से गूंज उठे शिवालय

हाजीपुर : जिले में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया. मठ मंदिरों और शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. जिले का हर कोना हर-हर महादेव और भगवान शिव के जयघोष से गूंज उठा. गंगा और गंडक के विभिन्न घाटों पर स्नान करने के बाद शिवालयों में जाकर भक्तों ने भगवान का […]

हाजीपुर : जिले में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया. मठ मंदिरों और शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. जिले का हर कोना हर-हर महादेव और भगवान शिव के जयघोष से गूंज उठा. गंगा और गंडक के विभिन्न घाटों पर स्नान करने के बाद शिवालयों में जाकर भक्तों ने भगवान का जलाभिषेक कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़े लाखों श्रद्धालु : महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर महादेव बाबा पातालेश्वर नाथ मंदिर से भव्य शाभायात्रा निकाली गयी.मंदिर न्यास समिति द्वारा आयोजित शिव बरात शोभायात्रा को देखने के लिए नगर में जिले भर से लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी थी.
नगर के कटरा स्थित मंदिर परिसर से निकली गयी शोभा यात्रा में भूत-पिशाचों के साथ ही देवी देवताओं की लगभग एक सौ झांकियां शामिल थी.सुबह से ही शहर के तमाम चौक-चौराहों और सड़के के दोनों किनारे पर जुटे श्रद्धालुओं के सामने से जब शिव बरात की एक से एक मनोरम झांकी गुजरने लगी तो इसे देख श्रद्धालु अभिभूत हो उठे. शिव बरात की झांकियों में भगवान के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन हुए. आकर्षक ढंग से सजायी गयी इन मनोहारी झांकियों में भगवान शंकर के कई रूप देखने को मिले. इनमें भिक्षा मांगते महादेव, भिक्षा देती अन्नपूर्णा माता, तारकासूर का वध और तांडव करते भगवान शंकर की झांकी शामिल थी. झांकियों में भगवान शिव के भुजंगधारी स्वरूप को भी शामिल किया गया था. झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण के रूपों का दर्शन भी हुआ. मां यशोदा के साथ कृष्ण की बाल लीला, माखन चुराते, गाय चराते, राधा के संग झूला झूलते कृष्ण को देख श्रद्धालु मंत्र मुग्ध हो उठे.श्रीकृष्ण भगवान से जुड़ी एक झांकी में यशोदा मां लल्ला के कान पकड़ रही थी तो दूसरे में कृष्ण को सुदामा का पैड़ पखारते दिखाया गया.सेवरी का बेर खाते राम-लक्ष्मण भी थे तो जंगल में फंसा तारकासूर भी.स्थानीय महाजन टोली की ओर से महात्मा गांधी के साथ स्वच्छ भारत अभियान पर केंद्रित झांकी प्रस्तुत की गयी थी. इसके साथ ही तीन पिंडी के साथ मां शेरावाली, वीणा वादिनी मां शारदे, कात्यायनी के रूप में मां दुर्गे, मां काल रात्रि, मां काली, ग्राह से गज की रक्षा करते नारायण समेत अन्य प्रकार की झांकियां शामिल थी.
शिव बरात में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु : बिदुपुर. प्रखंड में कई जगहों पर भगवान शिव की बरात निकाली गयी और यज्ञ का आयोजन किया गया. सुबह से ही श्रद्धालु गंगा नदी में विभिन्न घाटों पर स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की. प्रखंड के चेचर घाट, मधुरापुर घाट, खालसा घाट, कताहरिया घाट, रामदौली घाट, नावानगर घाट, सहित मोहनपुर, खिलवत, बिदुपुर, पकौली, रजासन, दाउदनगर, चकसिकन्दर, पानापुर धर्मपुर, कंचनपुर, गणिनाथ घाट, दिलावरपुर पूर्वी एवं पश्चिमी, इस्माइलपुर, मथुरा आदि जगहों पर मंदिरों में पूजा-पाठ किया गया. शिव बरात में मुख्य अतिथि बीजेपी मंडल पूर्वी के अध्यक्ष टिंकज कुमार सिंह सहित मोहन साह, राजू सिंह, अमोद सिंह, चुन्नू सिंह, कपिल झा, सुमन कुमार,सरोज सिंह,सुभाष, बुलबुल कुमार, कन्हैया कुमार, वरुण सिंह, प्रशांत, बलवीर, राजेश आदि दर्शक माैजूद थे.
भगवानपुर संवाददाता के अनुसार. क्षेत्र के पश्चिमी बाजार स्थित बाबा सिद्दीनाथ मंदिर प्रागंण से शिव बारात में अनेक झांकियां निकाली गयी. शिव बरात भगवानपुर पूर्वी बाजार, रहसा होते हुए मह्हदपुर हरी, अड्डा चौक, किरतपुर राजाराम सहित दर्जनों गांवों से गुजरते हुए पुन: बाबा सिद्दीनाथ मंदिर प्रागंण में वापस आकर देर शाम समाप्त हो गयी. झांकी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कलाकारों एवं बैंड पार्टियों को कमेटी द्वारा पुरस्कृत किया गया. दिन भर पूजा-अर्चना के लिए महिला एवं पुरूष भक्तों की भीड़ लगी रही.
वैशाली संवाददाता के अनुसार, वैशाली के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल चौमुखी महादेव मंदिर में काफी संख्या में लोगों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में लोग पहुंचने लगे. काफी संख्या में पुरुष महिला श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर अपने खुशमय जीवन के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की. महिला श्रद्धालुओं ने शिवरात्रि का व्रत रख भगवान शिव को पंचामृत, गंगाजल, चन्दन, चावल, पुष्प, बेलपत्र, भांग, धतूरा चढ़ा कर पूजा की.
महनार संवादाता के अनुसार, शिवजी की बरात में हजारों की संख्या में भक्त सम्मिलित हुए. शिव बरात में दूल्हा भोले नाथ बने जाने-माने उद्घोषक राजन जी जबकि सीताजी धर्मेंद्र कुमार, राम का रूप संजय कुमार, ब्रह्मा का सुजीत कुमार , हनुमानजी का महेंद्र जी, नारद गोविंद एवं कई लोगों ने नर पिशाच की भूमिका निभायी. महनार सांगत मंदिर से निकले शिवजी की बरात पूरे महनार बाजार का चक्कर लगाकर भुल्ली शिव मंदिर तक गयी.
महुआ संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न भागों में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस दौरान क्षेत्र के कुमारी कन्यायों तथा सुहागिन महिलाओं ने शिवालयों में पंहुच शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बाबा भोले भंडारी के दर्शन किये तथा परिवार की सलामती की मन्नत मांगी.नगवां संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े शिव मंदिरों में अहले सुबह से जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. भक्त हर-हर महादेव का नारा लगाते रहे. महाशिवरात्रि का उत्सव मनोरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में आयोजित किया गया और इसी के साथ दो दिवसीय मनोरा मेला शुरू हो गया. मेले में दूर-दराज से करीब 50 हजार लोग दर्शन के लिए आते हैं.
पातेपुर संवाददाता के अनुसार, प्रखंड के डभैच्छ स्थित अति प्राचीन प्रसिद्ध शिव मंदिर बाबा दर्वेश्वर नाथ नगरी में जलाभिषेक के लिए सुबह चार बजे से ही भीड़ उमड़ने लगी, जो देर शाम तक चलती रही. यहां सैकड़ों बर्षों से महाशिवरात्रि के अवसर पर दो दिवसीय मेला लगता आया है.
पटेढ़ी बेलसर संवाददाता के अनुसार, प्रसिद्ध मनोरा के प्राचीन शिव मंदिर, मौना के मुनेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में अहले सुबह से पूजा करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी. शिवालयों में अष्टयाम यज्ञ, रुद्राभिषेक पूजा-अर्चना और शिव विवाह का आयोजन किया गया.
लालगंज नगर संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र में सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप विभिन्न मंदिरों में देवों के देव महादेव के पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किये जाने के लिए शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. शिव बरात की शानदार शोभायात्रा में हजारों भक्त शामिल हुए.
जंदाहा/देसरी संवाददाता के अनुसार, जंदाहा की बसंतपुर पंचायत के पानापुर गांव स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा बटेश्वर नाथ मंदिर पर हजारों लोगों ने जलाभिषेक किया. यहां हजारों वर्ष से एक विशाल मेले लगता है. मेला महीनों तक चलता है. महनार के पूर्व भाजपा विद्यायक डॉ अच्युतानंद सिंह ने बाबा बटेश्वर नाथ पर जलाभिषेक एवं ध्वजारोहण किया.
गोरौल संवादाता के अनुसार, प्रखंड क्षेत्र के भटौलिया शिव मंदिर, गोरौल चौक धार्मिक न्यास मंदिर, गोरौल थाना परिसर में शम्भूनाथ धाम, सहित गोरौल बाजार, सोन्धो, पोझा, पीरापुर मथुरा, रसूलपुर कोरीगांव, तुर्की, पिरोई, बकसामा, गोरौल भगवानपुर, बड़ेवा में शिवालयों को कृत्रिम प्रकाश से सजाया गया. भटौलिया शिव मंदिर पर रात्रि में शिव विवाह का आयोजन किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >