दावा. महागंठबंधन की सरकार में विकास की गंगा बह रही
हाजीपुर : सुशील मोदी टीन के चश्मे से देखते हैं, इसलिए शासन की हकीकत उन्हें स्पष्ट रूप से नहीं दिखायी पड़ती है़ देश में लोकतंत्र है और लोकतंत्र में बहुमत के आधार पर सरकार बनती है़ महागंठबंधन की सरकार में विकास की गंगा बह रही है़ लेकिन कुछ नेताओं को विकास से तकलीफ हो रही है़ सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी
सहित भाजपा के अन्य नेताओं में घबड़ाहट हो रही है़
ये बातें बुधवार को राज्य के कला, संस्कृति एवं युवा मामलों के मंत्री शिवचंद्र राम ने कही़ वह सोनपुर प्रखंड परिसर में आयोजित 640वीं संत रविदास जयंती समारोह के उद्घाटन के बाद वहां मौजूद मीडियाकर्मियों के द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब दे रहे थे़ मीडियाकर्मियों ने जब उनसे सवाल किया कि सुशील मोदी कहते हैं कि लालू प्रसाद ने तो एक अनपढ़ को राज्य का मुख्यमंत्री बना दिया़ इसी जवाब की प्रतिक्रिया में मंत्री श्री राम ने मोदी पर तीखा प्रहार किया़
इसके पूर्व कला मंत्री ने समारोह का उद्घाटन किया़
मंत्री ने समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी दुनिया के वैसे संतों में एक थे जिन्होंने अध्यात्म के जरिये कर्म की प्रधानता को स्थापित करने का प्रयास किया़ उन्होंने संत की वाणी की मिसाल दी और कहा कि संत रविदास जी कहते थे कि मन चंगा तो कठौती में गंगा़ मंत्री श्री राम ने समारोह में मौजूद लोगों से संत रविदास जी के बताये रास्तों पर चलने की अपील करते हुए कहा कि उनके बताये रास्तों पर चल कर ही जीवन में शांति और सफलता का मार्ग प्रशस्त हो सकता है. इस मौके पर संत के अनुयायियों के अलावा सकरा विधायक लाल बाबू राय, राजद के स्थानीय कार्यकर्ता सहित अन्य लोग मौजूद थे़
