जांच दल ने लिया डाॅक्टर और डीएसपी का बयान
हाजीपुर : सदर अस्पताल में पिछले दिनों डाॅक्टर और डीएसपी के बीच हुई झड़प मामले की जांच शुरू हो गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को जांच कमेटी के अध्यक्ष डीडीसी सर्वनारायण यादव ने संबंधित चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार एवं तत्कालीन मुख्यालय डीएसपी सियाराम प्रसाद गुप्ता से अलग-अलग बयान लिया. जांच कमेटी द्वारा डाॅक्टर की तरफ से तीन गवाहों के भी बयान लिये गये. मालूम हो कि बीते 10 फरवरी को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ अरविंद कुमार और मुख्यालय डीएसपी सियाराम गुप्ता के बीच विवाद हो गया था, जब डीएसपी सदर अस्पताल में एक जहर खायी महिला को इलाज के लिए लेकर आये थे.
डीएसपी द्वारा चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर चिकित्सकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी. तब ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने डीएसपी पर मारपीट करने का आरोप लगाया था. दूसरी ओर, डीएसपी ने इस आरोप को निराधार बताया था. चिकित्सकों की हड़ताल के कारण सदर अस्पताल समेत जिले के तमाम अस्पतालों में चिकित्सा सेवा ठप हो गयी थी. घटना के चार-पांच दिनों बाद पटना में हुई उच्चस्तरीय वार्ता और डीएसपी का यहां से तबादला होने के बाद ही चिकित्सा सेवा बहाल हो सकी थी.
इस मामले की जांच-पड़ताल के लिए जिलाधिकारी रचना पाटील के आदेश पर उप विकास आयुक्त सर्वनारायण यादव की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गयी. कमेटी में एडीएम विनोद कुमार, एसीएमओ डॉ मिर्जा कासिम अली एवं सीएस कार्यालय के चिकित्सक अनिल कुमार शर्मा शामिल किये गये. सोमवार को डीडीसी के कार्यालय कक्ष में डाॅक्टर और डीएसपी को अलग-अलग बुला कर उनके बयान लिये गये. इस संबंध में पूछे जाने पर डीडीसी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. बहुत जल्दी इसकी रिपोर्ट दे दी जायेगी.
