सुपौल में 19 जुलाई को होनी थी शादी, उससे पहले सड़क हादसे में युवक की मौत, खुशियां मातम में बदलीं

Supaul News: सुपौल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 19 जुलाई को शादी के बंधन में बंधने वाले 23 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई. बिट्टू की मौत से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

Supaul News: सुपौल. सदर थाना क्षेत्र के हरदी दुर्गा स्थान के समीप सुपौल–सिंहेश्वर मुख्य सड़क मार्ग पर हरदी नहर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद उस परिवार में मातम छा गया, जहां 19 जुलाई को शहनाई बजने वाली थी. युवक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

ट्रैक्टर से टकराई बाइक, गंभीर रूप से हुआ था घायल

मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा वार्ड संख्या-03 निवासी सोचेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को बिट्टू अपनी मौसी के घर हटबरिया से मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान हरदी नहर के समीप उसकी बाइक की टक्कर सेफ्टी टैंक ले जा रहे एक ट्रैक्टर से हो गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि बिट्टू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सुपौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई.

19 जुलाई को होनी थी शादी

परिजनों ने बताया कि बिट्टू परिवार का इकलौता बेटा था और 19 जुलाई 2026 को उसकी शादी तय थी. घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं. रिश्तेदारों का आना-जाना शुरू हो चुका था और पूरे परिवार में उत्सव का माहौल था. लेकिन सड़क हादसे ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं.

जिस घर से कुछ दिनों बाद बारात निकलनी थी, वहीं अब युवक की अंतिम यात्रा निकली. इस दर्दनाक घटना के बाद माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Supaul News: पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं बिट्टू की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vikash Kumar

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >