जांच टीम को देखते ही कटी बिजली और लग गया ताला! त्रिवेणीगंज के खादी भंडार के सामने चल रहे दो बड़े अवैध सेंटरों का भंडाफोड़

त्रिवेणीगंज में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई हुई है। बिना निबंधन के संचालित उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर और सीएन नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है। दोनों संस्थानों के संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

त्रिवेणीगंज (सुपौल). त्रिवेणीगंज बाजार क्षेत्र में बिना निबंधन संचालित पाए गये उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर और सीएन नर्सिंग होम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है. अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार के आवेदन पर पुलिस ने दोनों संस्थानों के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इससे पहले संयुक्त जांच टीम ने दोनों संस्थानों में जांच के दौरान कथित अनियमितताएं और सरकारी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने के बाद उन्हें सील कर दिया था. दोनों संस्थानों का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया था.

आठ अगस्त को उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर की हुई जांच

उपाधीक्षक की ओर से दिये गये आवेदन के अनुसार आठ अगस्त 2026 को बाजार क्षेत्र में खादी भंडार के सामने संचालित उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की गयी थी. जांच में बीडीओ, पुलिस पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे. जांच के दौरान केंद्र के संचालन में कई अनियमितताएं और सरकारी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आने का उल्लेख आवेदन में किया गया है. जांच टीम के अनुसार अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना वैध निबंधन के संचालित पाया गया. केंद्र के अंदर विभिन्न उपकरण और फर्नीचर भी मिले.

जांच के बाद सेंटर को किया गया सील

जांच के दौरान कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद टीम ने तत्काल उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया. साथ ही सेंटर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया. आवेदन में अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक के रूप में जरैला निवासी नवनीत कुमार, पिता सदानंद यादव का नाम बताया गया है.

सीएन नर्सिंग होम में भी मिलीं अनियमितताएं

उमदा अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाद टीम ने खादी भंडार के सामने ही संचालित सीएन नर्सिंग होम की भी जांच की. आवेदन के अनुसार नर्सिंग होम के संचालन में भी कई अनियमितताएं और सरकारी नियमों के उल्लंघन की बात सामने आयी. जांच टीम ने नर्सिंग होम को भी बिना निबंधन संचालित पाया. जांच के दौरान संस्थान में विभिन्न प्रकार के उपकरण और फर्नीचर मिलने का उल्लेख जांच रिपोर्ट में किया गया है.

नर्सिंग होम को भी किया गया सील

जांच के बाद सीएन नर्सिंग होम को तत्काल सील कर दिया गया और उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया. आवेदन में नर्सिंग होम के संचालक के रूप में गोनहा वार्ड नंबर-08, त्रिवेणीगंज निवासी संजय कुमार, पिता गंगा यादव का नाम बताया गया है.

कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप

बिना वैध निबंधन संचालित पाए गये दोनों संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गयी जांच और सील की कार्रवाई के बाद अब पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बिना आवश्यक निबंधन और निर्धारित नियमों के संस्थानों का संचालन मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है. ऐसे संस्थानों के संचालन को लेकर विभागीय स्तर पर निगरानी और कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

अस्पताल उपाधीक्षक के आवेदन पर दर्ज हुआ केस

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उमेश कुमार के आवेदन के आलोक में दोनों संस्थानों के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवेदन एवं जांच रिपोर्ट में दर्ज तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >