साइबर अपराध की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारियों ने स्टूडियो में की छापेमारी, एक स्टाफ हिरासत में

इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया

निर्मली. शहर स्थित बैंक ऑफ इंडिया निर्मली शाखा के समीप एक फोटो स्टूडियो पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को छापेमारी की. इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. छापेमारी टीम का नेतृत्व निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा और सुपौल के साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता कर रहे थे. उनके साथ बीपीआरओ गौरव कुमार, बीएसओ रामलाल पासवान, निर्मली थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल मौजूद थे. करीब पांच गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने स्टूडियो को चारों ओर से घेर लिया और अंदर गहन तलाशी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान स्टूडियो में लगे कई डिजिटल उपकरणों को जब्त किया गया. मौके से संगम स्टूडियो के एक स्टाफ ललन कुमार को हिरासत में लिया गया है. वहीं, स्टूडियो के मुख्य संचालक मनीष कुमार चौधरी और उसके सहयोगी राजा कुमार के फरार होने की बात सामने आ रही है. पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि उक्त स्टूडियो कथित रूप से साइबर अपराध से जुड़ा हुआ था. आरोप है कि यहां संगठित तरीके से एक टीम काम करती थी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के साथ आधार कार्ड बनाने जैसे अवैध कार्य किए जाते थे. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस छापेमारी के पीछे के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं. उन्होंने कहा कि इन साक्ष्यों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >