वीरपुर एयरपोर्ट का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

जल संसाधन विभाग द्वारा उक्त भूमि को गृह विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा

– बीएसएपी के लिए पांच एकड़ भूमि चिह्नित वीरपुर. वीरपुर में प्रस्तावित एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है. एयरपोर्ट परिसर में आए दिन गंदगी फैलाने, मवेशियों को घेराबंदी क्षेत्र में छोड़ने व चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त करने की घटनाएं सामने आ रही है. इसके अलावा रनवे पर बाइक और कार से स्टंटबाजी किए जाने से नव निर्मित रनवे के खराब और क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बढ़ गई है. इसी कड़ी में मंगलवार को बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार अंकुर एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) 12वीं बटालियन के डीएसपी वासुदेव राय ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 एवं 12 में पूर्व से चिन्हित पांच एकड़ भूमि का स्थल निरीक्षण किया. दोनों पदाधिकारियों ने लगभग आधे घंटे तक पैदल भ्रमण कर क्षेत्र का मुआयना किया. निरीक्षण के दौरान स्थानीय वार्ड वासियों में हलचल तेज देखी गई. इस संबंध में बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार अंकुर ने बताया कि वीरपुर हवाई अड्डे के विस्तार के आलोक में एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस को पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जानी है. यह भूमि फिलहाल जल संसाधन विभाग के अधीन है. जिसका अभिलेख संधारित कर सक्षम पदाधिकारी को भेजा गया है. बताया कि जल संसाधन विभाग द्वारा उक्त भूमि को गृह विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा. जिसके बाद पांच एकड़ भूमि पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवान तैनात होकर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. सुरक्षा से जुड़े इस कार्य को शीघ्र पूरा किया जाना है. साथ ही स्थल को खाली कराने के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी. प्रशासनिक स्तर पर तेज हुई इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि वीरपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार और जिला प्रशासन गंभीरता से कदम उठा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >