National Sports Day 2026: सुपौल के मैदान पर पसीना बहाने वाला युवा न सिर्फ खुद को मजबूत बनाता है, बल्कि समाज और देश के लिए भी सकारात्मक ऊर्जा तैयार करता है. राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर त्रिवेणीगंज के अनूपलाल यादव महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को इसी संदेश से जोड़ा गया. यहां खेल को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और नशामुक्त समाज से जोड़ते हुए छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया.
महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रथम, द्वितीय और तृतीय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘मेरा भारत-राष्ट्रीय खेल दिवस 2026-यूथ कनेक्ट प्रोग्राम’ आयोजित हुआ. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया. इसके बाद मौजूद लोगों को ‘खेलो इंडिया’, युवा संवाद और नशामुक्ति से जुड़ी शपथ दिलायी गयी.
सुपौल की रग्बी खिलाड़ी अंशु ने साझा किया खेल का अनुभव
कार्यक्रम का खास आकर्षण सुपौल की रग्बी खिलाड़ी अंशु कुमारी रहीं. उन्हें कार्यक्रम में ‘स्पोर्ट्स आइकन’ के रूप में आमंत्रित किया गया था.
अंशु कुमारी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और एशिया रग्बी अंडर-18 सेवेंस चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं. उन्होंने राजगीर में आयोजित एशिया रग्बी 7s अंडर-20 2026 में कांस्य पदक जीता है.
इसके अलावा वर्ष 2023 की एशिया रग्बी 7s चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था.
एक छोटे शहर और सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली अंशु की मौजूदगी ने कार्यक्रम में शामिल युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.
खेल सिर्फ पदक नहीं, जीवन जीने का तरीका
कार्यक्रम में युवाओं को बताया गया कि खेल को केवल प्रतियोगिता और पदक जीतने तक सीमित नहीं समझना चाहिए. नियमित खेल गतिविधियां युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती हैं.
प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार और मौजूद अतिथियों ने छात्र-छात्राओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की. युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने समय व ऊर्जा का सकारात्मक इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया.
खेल और नशामुक्ति को जोड़ा गया
कार्यक्रम में ‘खेलो इंडिया’ के साथ नशामुक्ति की शपथ दिलाना भी महत्वपूर्ण रहा. युवाओं को नशे से होने वाले व्यक्तिगत और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया.
संदेश साफ था कि युवा यदि खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहें तो उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में मदद मिल सकती है. इस पहल के जरिये युवाओं को अपने स्वास्थ्य के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का भी संदेश दिया गया.
युवाओं को देश के विकास में योगदान का आह्वान
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं. शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ युवा ही समाज के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं.
छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया गया.
National Sports Day 2026: एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने की. संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने किया. मंच संचालन पूर्व स्वयंसेविका प्रिया और रिया भारद्वाज ने किया.
इस मौके पर महाविद्यालय के सचिव कपलेश्वर यादव, जिला परिषद सदस्य प्रवेश प्रवीण, पूर्व उप प्रमुख योगेंद्र यादव और रग्बी खिलाड़ी अंशु कुमारी के पिता पवन कुमार मौजूद रहे.
यूनिसेफ से अशोक कुमार, प्रो. अरुण कुमार, प्रो. कुमारी पूनम, प्रो. शंभू यादव, योग प्रशिक्षिका रितंभरा भारती सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए.
