डीएम ने वीणा पंचायत के धार्मिक स्थलों का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास के दिए निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधारभूत संरचनाओं के विकास के दिए निर्देश सुपौल. जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा सदर प्रखंड अंतर्गत वीणा पंचायत स्थित गर्भू दास महंत एवं ठिठर दास महंत अखाड़ा तथा पुराना पोखर का स्थलीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण का उद्देश्य इन स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेना तथा आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास को सुनिश्चित करना था. उल्लेखनीय है कि उक्त धार्मिक स्थलों एवं पोखर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पोखर का सौंदर्यीकरण, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, चारों ओर प्रकाश व्यवस्था, पक्का रास्ता, छठ घाट, सामुदायिक भवन एवं स्नानघर जैसी सुविधाओं की आवश्यकता को लेकर विधान सभा में प्रश्न उठाया गया था. इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा स्थल पर पहुंचकर उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वर्तमान में कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है, जिससे विशेषकर पर्व-त्योहार एवं धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए. जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि वे स्थल का आवश्यक तकनीकी आकलन कर जल्द से जल्द कार्ययोजना तैयार करें, ताकि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भ किया जा सके. उन्होंने विशेष रूप से धर्मशाला, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर की समुचित व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके. जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास केवल आस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय पर्यटन, स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास को भी बढ़ावा मिलता है. प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराकर श्रद्धालुओं को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए. इस अवसर पर पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्त्ता, कृष्णा कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >