अनुमंडलीय अस्पताल का सीएस ने किया निरीक्षण, अनुपस्थित डॉक्टर की तीन दिन की काटी हाजिरी

सरकार द्वारा उपलब्ध संसाधनों के अनुसार मरीजों को शत-प्रतिशत सुविधा मिलनी चाहिए

त्रिवेणीगंज. अनुमंडलीय अस्पताल का सिविल सर्जन डॉ बाबू साहब झा ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, ओटी, इमरजेंसी ओटी, प्रसव कक्ष, दवा भंडारण एवं वितरण कक्ष, लैब, एक्स-रे यूनिट,जीविका द्वारा संचालित रसोई, ईसीजी सेंटर सहित अन्य चीजों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में तैनात जेएमडी सुरक्षा एजेंसी के गार्ड अनफिट मिले. जिस पर सीएस ने सुपरवाइजर को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर एजेंसी के विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ नित्या झा ड्यूटी पर अनुपस्थित मिलीं. इस पर सिविल सर्जन ने उनकी तीन दिनों की उपस्थिति काटते हुए प्रभारी उपाधीक्षक को स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्हें अस्पताल में नियमित रूप से उपस्थित रहना ही होगा. निरीक्षण की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया. निरीक्षण के बाद सीएस ने कहा कि अधिकांश कार्य संतोषजनक पाए गए है. जहां कमी मिली है वहां सुधार के निर्देश दिए गए है. उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह पुनः निरीक्षण किया जाएगा. सुधार की समीक्षा की जाएगी. कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध संसाधनों के अनुसार मरीजों को शत-प्रतिशत सुविधा मिलनी चाहिए. डॉक्टरों की कमी पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है. जिसे लेकर सरकार को पत्र लिखा जाएगा. निरीक्षण के दौरान प्रभारी उपाधीक्षक डॉ इंद्रदेव यादव, डॉ बीएन पासवान, हेल्थ मैनेजर एस अदीब, बीएचएम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >