वीरपुर में चला बुलडोजर, कारगिल चौक से बॉर्डर रोड तक हटे दर्जनों अवैध कब्जा

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 09 Jun 2026 3:28 PM

विज्ञापन

वीरपुर में चला बुलडोजर

Bulldozer Action In Supaul : वीरपुर में मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. कारगिल चौक से लेकर हटिया चौक और सतना बीओपी जाने वाली बॉर्डर रोड तक बुलडोजर चलाकर सरकारी जमीन पर किए गए दर्जनों अवैध कब्जों को हटाया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया, जबकि आम लोगों ने सड़क और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल का स्वागत किया.

विज्ञापन

वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट.

Bulldozer Action In Supaul : वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल तथा एसएसबी के जवानों की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया. प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले कारगिल चौक के समीप हवाई अड्डा की पश्चिमी दीवार से सटी सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया. यहां लंबे समय से झुग्गी-झोपड़ियां और अस्थायी निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया था. अधिकारियों की निगरानी में करीब एक दर्जन व्यावसायिक और आवासीय अतिक्रमणों को हटाया गया.

हटिया चौक से हटाई गईं अवैध दुकानें

अभियान का दूसरा चरण पुरानी बाजार स्थित हटिया चौक में चलाया गया. यहां मार्केट कॉम्प्लेक्स के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाया गया. स्थानीय लोगों का कहना था कि इन दुकानों के कारण सड़क संकरी हो गई थी और अक्सर जाम की समस्या बनी रहती थी. प्रशासन ने चिन्हित करीब डेढ़ दर्जन दुकानों को हटाकर सड़क को खाली कराया. अधिकारियों का मानना है कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी.

एसएसबी की आपत्ति के बाद हुई कार्रवाई

अभियान का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा कुमार चौक के समीप सतना बीओपी जाने वाली सड़क पर देखने को मिला. यह मार्ग सीमा सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. सड़क के दोनों किनारों पर टीन और अन्य अस्थायी सामग्री से किए गए लगभग आधा दर्जन अवैध कब्जों को हटाया गया.

जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण एसएसबी के जवानों और वाहनों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी. इसे लेकर एसएसबी ने प्रशासन के समक्ष आपत्ति भी दर्ज कराई थी. इसके बाद प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया.

प्रशासन ने दिया सख्त संदेश

अभियान के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. कई स्थानों पर लोगों की भीड़ जमा हुई, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा.

बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी देवर्षि रंजन ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. नगर क्षेत्र में जहां-जहां सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.

लोगों ने किया स्वागत

प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है. लोगों का कहना है कि सड़क किनारे फैले अतिक्रमण के कारण न केवल जाम की समस्या बढ़ रही थी, बल्कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे भी लगातार बढ़ते जा रहे थे. ऐसे में यह कार्रवाई शहर की व्यवस्था सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है.

Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन