सुपौल में सरकारी सिस्टम शर्मसार: प्रतापगंज PHC में मुफ्त प्रसव के नाम पर वसूली, दो ANM पर 1400 ऐंठने का आरोप

प्रतापगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने पहुंची एक महिला से कथित तौर पर 1400 रुपये की उगाही का मामला सामने आया है. दो एएनएम पर लगाए गए आरोपों के बाद मामले की जांच की मांग की गई है. सरकारी अस्पताल में मुफ्त प्रसव के दावे पर यह घटना सवालिया निशान लगाती है.

सुपौल, प्रतापगंज. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज में प्रसव कराने पहुंची महिला से 1,400 रुपये लेने का आरोप लगाते हुए दो एएनएम के खिलाफ शिकायत की गई है. मामले में चिलौनी दक्षिण पंचायत के दिवानागंज निवासी प्रदीप मंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रसव से पहले मांगे रुपये, 700-700 देने का आरोप

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिए आवेदन के अनुसार, 27 अगस्त को प्रदीप मंडल की पत्नी प्रसव के लिए सुबह करीब सात बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज पहुंचीं. आरोप है कि प्रसव से पहले एएनएम गुड़िया कुमारी एवं अपर्णा कुमारी ने उनसे 1,400 रुपये की मांग की.

शिकायतकर्ता के अनुसार, मजबूरी में उन्होंने दोनों एएनएम को 700-700 रुपये दिए. प्रदीप मंडल ने आवेदन में कहा है कि सरकारी अस्पताल में गरीब मरीजों का प्रसव नि:शुल्क कराया जाता है, इसके बावजूद उनसे राशि ली गई.

जांच के बाद कार्रवाई की मांग

प्रदीप मंडल ने पूरे मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है. शिकायत के बाद अस्पताल स्तर पर मामले को लेकर जांच की बात कही जा रही है.

प्रभारी बोले, जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से दिए गए आवेदन की जानकारी उन्हें भी है. उन्होंने कहा कि आवेदन की जानकारी हेल्थ मैनेजर को होगी. अगर आवेदन प्राप्त हुआ है तो मामले की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सरोज कुमार

सरोज कुमार प्रिंट माध्यम में 13 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. प्रतापगंज (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >