निर्मली : बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा को शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार ने दोनों परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया. मौके पर एसडीओ ने केंद्राधीक्षक को निर्देश देते हुये कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर छात्र सहित वीक्षक भी मोबाइल लेकर नहीं जायेंगे, जबकि परीक्षा के सफल संचालन को लेकर कई दिशा निर्देश दिये गये. कहा कि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है.
मुख्यालय स्थित दो परीक्षा केंद्र हरि प्रसाद साह महाविद्यालय व उच्च विद्यालय निर्मली में कुल 1074 छात्र-छात्रा की परीक्षा ली जायेगी. दोनों केंद्र पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा केंद्रों पर कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गयी है. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है. सभी केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है. उन्होंने कहा कि केंद्रों से 500 मीटर की दूरी पर धारा 144 लागू रहेगी.
