त्रिवेणीगंज : जदिया थाना के समीप मंगलवार को बिजली का कार्य कर रहे एक युवक बिजली की करंट लग जाने से पोल से गिर गया. जहां वे जख्मी हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था. जहां जख्मी युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. मालूम हो कि जदिया वार्ड नंबर 15 तेलयाही निवासी सुरेंद्र साह बिजली ऑउटसोर्सिंग एजेंसी में बतौर मानव बल पर कार्यरत था. मानव बल सुरेंद्र साह के मौत की खबर सुनकर मंगलवार की संध्या से ही मृतक के गांव जदिया वार्ड नंबर 15 तेलयाही टोला में मातमी सन्नाटा पसरा है. वहीं मृतक के घर कोहराम की स्थिति बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी पावित्री देवी, मां सुशीला देवी, पिता कुशेश्वर साह समेत तीन बच्चे नीतीश, सुषमा व रिकेश का रो-रोकर बुरा हाल है. इधर, मृतक के परिजनों को ढ़ांढस बंधाने पहुंचे लोग भी आंसूओं को नहीं रोक पा रहे हैं. मृतक की मां रो-रोकर कहती है ‘आब बाबू कैकरा कहबे हो’ वहीं मृतक की पत्नी पावित्री देवी दहाड़ मार कर रोते कहती है हमर राजा कतय गैले हो, हमर बच्चा अब अनाथ भाय गैले हो, कैना हमर जीवन चलते हो. मृतक सुरेंद्र जदिया वार्ड नंबर 15 निवासी कुशेश्वर साह के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र था एवं करीब तीन साल से बिजली ऑउटसोर्सिंग जेंसी में मानवबल पर कार्यरत था. वह लागों में चहेता था. जब किसी ग्रामीण का बिजली कनेक्सन में गड़बड़ी होती थी तो पहुंच कर उसे दुरूस्त करता था. ग्रामीणों के अनुसार मृतक मृदुभाषी एवं मिलनशार व्यक्ति था.
