होटलों से लेकर रेस्ट हाउस तक की खाक छान रही है पुलिस
सुपौल : 26 जनवरी के मौके पर आयोजन होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह पर आतंकी खतरा है और इसको लेकर एसएसबी से लेकर जिले की पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय है. एक ओर जहां सीमा पर एसएसबी जवान दिन-रात मुश्तैदी से भारत-नेपाल सीमा पर हर गतिविधि पर निगरानी रखे हुए है. वही सीमा के अंदर जिले की पुलिस आइबी के अलर्ट को गंभीरता से ले रही है और इसके तहत हर उस संदिग्ध पर पुलिस की नजर है, जो किसी भी प्रकार से समारोह में व्यवधान पहुंचा सकता है. इसके अलावा पुलिस घुसपैठियों की संभावना के मद्देनजर सभी होटल व रेस्ट हाउस में भी छापेमारी की जा रही है.
साथ ही लॉज पर भी पुलिस की निगाहें टिकी हुई हैं. अलर्ट के बाद पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी भी शुरू कर दी है. हालांकि अब तक पुलिस को कोई विशेष सफलता नहीं मिली है. दरअसल पुलिस को संदेह है कि आतंकी अथवा असामाजिक तत्व किसी होटल, रेस्ट हाउस अथवा लॉज को अपना ठिकाना बना सकते हैं. यही कारण है कि पुलिस हर संभव एहतियात बरत रही है.
आइबी रिपोर्ट के अनुसार 26 जनवरी को भीड़-भाड़ का लाभ उठा कर आतंकी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं, जबकि संभावना यह भी जतायी गयी है कि नेपाल के रास्ते चीन व पाकिस्तान से आतंकी भारतीय सीमा में घुसपैठ कर सकते हैं. यही कारण है कि पुलिस कोई भी चूक नहीं करना चाहती है. पुलिस लगातार संभावित स्थलों पर छापेमारी कर रही है, जो 27 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है. साथ ही पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह अलर्ट कर दिया है. दरअसल आइबी रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट जारी कर दिया है. जिसके बाद से एसपी डाॅ कुमार एकले के नेतृत्व में जिले की पुलिस भी गंभीरता से निरोधात्मक कार्रवाई में जुट गयी है.
सीमा पर 27 तक गहन जांच
भारतीय सीमा के अंदर जहां जिले की पुलिस छापेमारी और निरोधात्मक कार्रवाई में जुटी है. वही भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवान मुस्तैदी बरत रहे हैं. एसएसबी 45 वीं बटालियन के कमांडेंट रामावतार भलोठिया ने स्पष्ट किया है कि एसएसबी द्वारा अलर्ट के बाबत ही जांच अभियान को तेज कर दिया गया है, जो 27 जनवरी तक जारी रहेगी. इसके तहत एसएसबी जवानों ने रात्रि गश्ती भी तेज कर दी है. साथ ही महिला संदिग्धों की जांच के लिए सीमा पर महिला जवान भी तैनात किये गये हैं. एसएसबी सीमा से प्रवेश करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी कर रही है. उनके वाहनों की गहन जांच की जा रही है.
राज्य मुख्यालय से प्राप्त अलर्ट के आलोक में छापेमारी आरंभ कर दी गयी हैं. होटल, लॉज व रेस्ट हाउस में छापेमारी की जा रही है. हालांकि अब तक पुलिस को कोई विशेष सफलता नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर हर संभव निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है.
डाॅ कुमार एकले, एसपी, सुपौल
