निर्मली : 15 से 21 जनवरी तक मनाये जाने रहे भूकंप सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता रथ शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय पहुंचा. जहां अंचलाधिकारी रवींद्र कुमार चौपाल ने हरी झंडी दिखा कर रथ को रवाना किया. मौके पर सीओ श्री चौधरी ने कहा कि भूकंप सुरक्षा सप्ताह के तहत जिलाधिकारी के आदेशानुसार गांव-गांव तक रथ के माध्यम से भूकंप संबंधी बिंदुओं का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जायेगा. इस क्रम में नुक्कड़-नाटक के माध्यम से भूकंप से सुरक्षा हेतु आम नागरिकों को जानकारी दी जायेगी. उन्होंने कहा कि भूकंप के लिए हर व्यक्ति हमेशा तैयार रहना चाहिए. जैसे ही किसी को भूकंप के झटके महसूस हो, उसे यथाशीघ्र किसी मजबूत टेबुल के नीचे बैठ जाना चाहिए और टेबुल के पाये को कस के पकड़ लेना चाहिए.
साथ ही लोगों को चाहिए कि वे अपने घर के मुख्य निकास मार्ग को हमेशा खाली रखें. भूकंप के समय लिफ्ट का प्रयोग न करे, गाड़ी चलाते समय अगर भूकंप आ जाये तो गाड़ी को धीमी कर खाली स्थान पर लगा देना चाहिए. वही नये भूकंप रोधी मकान बनाने से भी क्षति को कम किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सुपौल जिला भूकंप जोन 05 में आता है, जो काफी संवेदनशील माना जाता है. ऐसे में सतर्कता के माध्यम से ही बचाव संभव है. वही जिला से आये आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षक शंभू चौधरी ने भी अपने विचार रखे. मौके पर अमित कुमार, लाल बहादुर मुखिया, धर्मेंद्र सिंह, ओम चक्रवर्ती आदि उपस्थित थे.
