राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को मद्य निषेध जागरूकता को लेकर विश्व के मानव शृंखला का निर्माण होना है. सुपौल जिले में 302 किमी लंबी मानव शृंखला का निर्माण किया जायेगा. जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है.
सुपौल : राज्य सरकार के आह्वान पर शनिवार को राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत जिले में 302 किमी लंबी मानव शृंखला का निर्माण किया जायेगा. जिसको लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. मानव शृंखला को लेकर शुक्रवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. गुरुवार रात से ही शहर सहित शृंखला के रूट मैप में सड़कों पर मार्किंग शुरू कर दी गयी है. इधर मानव शृंखला में जिले के प्रभारी मंत्री सहित विधायक व एमएलसी शामिल होंगे. जबकि ऊर्जा मंत्री सह सदर विधायक विजेंद्र प्रसाद यादव को मधेपुरा जिले में बतौर प्रभारी मंत्री शामिल होने का कार्यक्रम तय है. वहीं विधान परिषद में उपसभापति मो हारुण रसीद सदर प्रख्ंड के परसरमा चौक स्थित महावीर चौक पर ही मानव शृंखला में शामिल होंगे. जबकि निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव सरायगढ़-भपटियाही में मानव शृंखला में शामिल होंगे. हालांकि दिलचस्प यह है कि कांग्रेस के समर्थन के बावजूद सांसद रंजीत रंजन इस मानव शृंखला में शामिल नहीं होंगी. पिपरा विधायक सह राजद जिलाध्यक्ष यदुवंश कुमार यादव भी जिला मुख्यालय में ही मानव शृंखला में शामिल होंगे. नगर परिषद अध्यक्ष अर्चना कुमारी गौरवगढ़ चौक के समीप मानव शृंखला में शामिल होंगी.
छातापुर के भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू भी मानव शृंखला का हिस्सा बनेंगे. हालांकि वह कहां उपस्थित रहेंगे, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. इसके अलावा प्रभारी मंत्री अब्दुल गफ्फूर के शामिल होने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है. आयोजन में अन्य पंचायत प्रतिनिधियों का भी इस आयोजन में शामिल होना तय हुआ है.
अनिवार्य नहीं होगी स्कूल और स्कूली बच्चों की सहभागिता : राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार को मद्य निषेध जागरूकता को लेकर विश्व के मानव शृंखला का निर्माण होना है. इसको लेकर शुक्रवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया. स्वयं जिलाधिकारी बैद्यनाथ यादव व पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार एकले सहित सभी वरीय अधिकारी इसके लिए पूरे दिन चहलकदमी करते दिखे. विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. हालांकि शुक्रवार को पटना उच्च न्यायालय की सुनवाई के बाद जिला प्रशासन को अपनी रणनीति में भी परिवर्तन करना पड़ा. पूर्व में जहां स्कूलों को सहभागिता की सख्त हिदायत दी जा रही थी. वहीं शुक्रवार की सुनवाई के बाद सहभागिता को स्वेच्छा से जोड़ दिया गया है. इसके तहत स्कूल अथवा स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता अनिवार्य नहीं होगी और न ही इसको लेकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
जरूरी सुविधाओं पर टिका है प्रशासन का ध्यान : मानव शृंखला को लेकर विभिन्न स्तरों में जागरूकता कार्यक्रम का दौर शुक्रवार की शाम संपन्न हो चुका है. हालांकि आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अभी भी जारी हैं. प्रशासन आयोजन स्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी में है.
इसके तहत पीएचइडी, जिला कल्याण पदाधिकारी कार्यालय, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीडब्लूडी आदि विभाग से संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं. जिलाधिकारी बैद्यनाथ यादव के अनुसार आयोजन स्थल पर पेयजल, चलंत शौचालय, प्राथमिक उपचार आदि की व्यवस्था होगी. इसके अलावा मौके पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजार होंगे. आयोजन स्थल पर प्रत्येक किमी में एक सेक्टर दंडाधिकारी तथा तीन किमी में जोनल दंडाधिकारी तैनात होंगे. साथ ही पुलिस के जवान भी मौके पर तैनात किये गये हैं.
केवल आपात वाहनों का होगा परिचालन : निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को दिन के 12:15 बजे से 01:00 बजे के बीच जिले की सड़कों पर 302 किमी लंबे मानव शृंखला का निर्माण होना है.
इसमें शामिल होने के लिए लोगों से दिन के 11:45 बजे ही निर्धारित स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया गया है. वहीं आयोजन के दौरान दुर्घटना की संभावना के मद्देनजर दिन के 10 बजे से 02 बजे तक सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गयी है. इस अवधि में केवल आपातकालीन वाहन ही सड़क पर परिचालन करेंगे. एनएच 57 पर मधुबनी जिला सीमा से अररिया सीमा तक उत्तरी लेन में मानव शृंखला का निर्माण होगा. जबकि दूसरे लेन में आपातकालीन वाहन सहित अनुमति प्राप्त वाहनों का परिचालन होगा. इसके अलावा अन्य टू-लेन सड़कों पर भी मानव शृंखला के लिए मार्किंग की गयी है.
निर्मली प्रतिनिधि के अनुसार राज्य व्यापी नशामुक्त मानव शृंखला की तैयारी अनुमंडल स्तर पूर्ण कर ली गयी हैं. जानकारी देते एसडीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को अनुमंडल के दोनों प्रखंड व नगर क्षेत्र में कुल 51 किलोमीटर मानव शृंखला लगाया जायेगा. जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर से निर्मली प्रखंड अंतर्गत तीन जोनल बनाया गया है.
बताया कि जोनल पदाधिकारी का दायित्व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सूरज आजाद, अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार चौपाल व सीडीपीओ प्रीति कुमारी को दी गयी है. वही मरौना प्रखंड अंतर्गत 11 जोनल पदाधिकारी में गणेश कुमार सिंह, रामानंद दास, राजेश कुमार, संतोष राय, रमेश कुमार, शिवजी मंडल, शलेन्द्र कुमार झा, उदय नारायण चौधरी, सुशील कुमार, महेश कुमार, योगेन्द्र मंडल सहित 32 सेक्टर पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्त की गयी हैं. श्री सिंह ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में मानव शृंखला में क्षेत्र से काफी संख्याओं में महिला व पुरुष एवं युवाओं के साथ साथ स्कूली बच्चे भाग लेंगे. इसके लिए व्यापक रूप से जागरूकता अभियान चलाया गया. वही मानव शृंखला में किसी प्रकार की अनहोनी ना हो सके.
इसके लिए प्रशासनिक स्तर से पुलिस बल व पदाधिकारी तैनात रहेंगे.
सिमराही प्रतिनिधि के अनुसार नशामुक्ति के समर्थन में लोगो को जागरूक करने के लिये शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के हरिपुर पंचायत से रैली निकाली गयी. मुखिया अंजू देवी के नेतृत्व में काफी संख्या में लोगों ने साइकिल रैली निकाल कर लोगों को शृंखला में शामिल होने की अपील की. मुखिया के नेतृत्व में निकली रैली को पंचायत भवन हरिपुर के रास्ते गद्दी चौक होते हुए गिरिपट्टी, हुसेनाबाद, फुलकाही, राधानगर, हुलास पंचायत के सीमा क्षेत्र तक का भ्रमण कराया. मौके पर मुखिया ने कहा कि सरकार का यह अभियान महिलाओं के मांग पर आयोजित करायी जा रही है.
पिपरा प्रतिनिधि के अनुसार मानव शृंखला की सफलता को लेकर प्रखंड राज की एक बैठक शुक्रवार को कोसी निरीक्षण भवन पिपरा में हुई. राजद प्रखंड अध्यक्ष कारी प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित शनिवार को मानव शृंखला को सफल बनाने को लेकर विचार विमर्श किया गया. इस मौके पर डॉ अमरेंद्र प्रसाद यादव, प्रदीप यादव, तारानंद तरूण, अयोधी यादव, काली नारायण, विवेंद्र कुमार, श्याम कुमार आिद मौजूद थे.
