नगर के विकास को लेकर 91 करोड़ 65 लाख 26 हजार के बजट की दी गयी स्वीकृति

नगर पंचायत सिमराही में करीब दस महीने बाद गुरुवार को आम बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. हालांकि बैठक में मुख्य पार्षद यशोदा देवी सहित छह वार्ड पार्षद अनुपस्थित रहे.

बोर्ड की बैठक में 16 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और 127 नई विकास योजनाओं को मंजूरी राघोपुर. नगर पंचायत सिमराही में करीब दस महीने बाद गुरुवार को आम बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. हालांकि बैठक में मुख्य पार्षद यशोदा देवी सहित छह वार्ड पार्षद अनुपस्थित रहे. इस कारण उप मुख्य पार्षद विनीता देवी की अध्यक्षता में बैठक की कार्यवाही पूरी की गयी. कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि निर्धारित समय तक मुख्य पार्षद के नहीं पहुंचने पर विभागीय नियमों के अनुसार बैठक शुरू की गयी. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 91 करोड़ 65 लाख 26 हजार रुपये के बजट को स्वीकृति दी गयी. बजट में आवास योजना के लिए 31 करोड़ रुपये, सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये तथा नाला निर्माण के लिए 6 करोड़ 90 लाख रुपये का प्रावधान किया गया. इसके अलावा बैठक में 16 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और 127 नई विकास योजनाओं को मंजूरी दी गयी. पूर्व से स्वीकृत 30 योजनाओं को भी प्राक्कलन तैयार होने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी. नगर क्षेत्र में 1260 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना को भी हरी झंडी दी गयी. हालांकि, जिन वार्डों से प्रस्ताव नहीं मिले, उन्हें फिलहाल इस योजना से बाहर रखा गया है. बैठक के दौरान वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने नगर क्षेत्र में लगाए गए कूड़ेदानों से संबंधित मुद्दा उठाया. इसके अलावा एनएच 27 और 106 त्रिकोण से हॉस्पिटल रोड तक लगने वाले जाम की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया. पार्षदों ने अवैध बस पड़ाव हटाने और वैकल्पिक बस स्टैंड चिन्हित करने की मांग की. नगर क्षेत्र में संचालित अवैध बूचड़खानों को बंद कराने तथा स्वच्छता मानकों के अनुरूप वैध बूचड़खाने स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया. मानसून में जलजमाव से राहत के लिए विभिन्न वार्डों में राबिश, ईंट के टुकड़े गिराने तथा जेसीबी और ट्रैक्टर मद में खर्च की प्रशासनिक स्वीकृति भी दी गयी. बैठक के बाद कई वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से बोर्ड बैठक नहीं होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे. उन्होंने कहा कि लगातार मांग के बाद बैठक आयोजित हो सकी. वहीं कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि बैठक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और चयनित योजनाओं पर जल्द काम शुरू कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >