धूमधाम से मनाया गया रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र का 8वां स्थापना दिवस

वर्तमान में भी यहां अनेक प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिन्हें भविष्य के लिए दक्ष एवं सक्षम बनाया जा रहा है

सुपौल. रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल में गुरुवार को 08वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच धूमधाम से मनाया गया. पूजा यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया. केंद्र के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, बल के कार्मिक, प्रशिक्षु एवं संदीक्षा परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया. स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों ने कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया. मुख्य अतिथि विजय सिंह ने अपने संबोधन में रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र प्रशिक्षण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान न केवल जवानों को शारीरिक रूप से सुदृढ़ बनाता है, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित करता है. उन्होंने प्रशिक्षकों एवं कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और पेशेवर दक्षता की विशेष प्रशंसा करते हुए उन्हें इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया. कहा कि पिछले वर्ष केंद्र द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के माध्यम से कुल 7,891 प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया गया, जो केंद्र की कार्यक्षमता और गुणवत्ता का प्रमाण है. वर्तमान में भी यहां अनेक प्रशिक्षु प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिन्हें भविष्य के लिए दक्ष एवं सक्षम बनाया जा रहा है. विशिष्ट अतिथि पूजा यादव ने अपने संबोधन में संदीक्षा परिवार की सक्रिय भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बल के कार्मिकों और उनके परिवारों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करते हैं, जिससे मनोबल में वृद्धि होती है और कार्यक्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया. इस सम्मान समारोह ने उपस्थित लोगों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया. समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी कार्मिकों और प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया. पूरे आयोजन ने केंद्र की उपलब्धियों, अनुशासन और समर्पण की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया, जिससे यह दिन सभी के लिए यादगार बन गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >