siwan news : सीवान. दरौंदा रेलवे स्टेशन के यार्ड में गुरुवार की तड़के गाड़ी संख्या 11124 के पास करने के दौरान एक व्यक्ति लाइन संख्या-1 के समीप गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति की पहचान बबन शाह (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दारौंदा थाने के हरदियारा निवासी द्वारिका साह का पुत्र था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे दरौंदा स्टेशन पर स्टेशन मास्टर ऑन ड्यूटी द्वारा आरपीएफ को मेमो के माध्यम से सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. घटनास्थल पर एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच गंभीर अवस्था में पड़ा मिला, जो दर्द से कराह रहा था. हादसे में उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया था. मौके पर डायल-112 के उप निरीक्षक प्रशांत कुमार भी स्टाफ के साथ पहुंचे. आरपीएफ एवं डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को ट्रैक से हटाकर प्लेटफॉर्म पर लाया और रात 2:00 बजे ट्रैक को क्लियर कराया. इसके बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को रात 2:15 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरौंदा ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायल को सरकारी एंबुलेंस से सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गये और घायल के साथ सदर अस्पताल रवाना हो गये. घायल की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया. इस घटना के कारण इसीआर 15203 तथा 02563 क्लोन एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें लगभग 10-10 मिनट तक विलंबित रहीं. ट्रैक को रात 2:25 बजे फिट घोषित किया गया, जिसके बाद पहली ट्रेन 02563 का प्रस्थान कराया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
