सीवान जिले में नवंबर का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है. सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है. वहीं सुबह के वक्त हल्का कोहरा और धुंध छाने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. मौसम में हो रहे बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखने लगा है.
खासकर सुबह घर से निकलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
सुबह के समय सड़कों पर धुंध रहने के कारण दूर तक देखने में परेशानी हो रही है. इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है. वहीं, सुबह टहलने निकलने वाले लोगों की संख्या में भी कमी आने लगी है. ठंड बढ़ने के साथ ही लोग अब गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं. सुबह और देर शाम बाजारों में भी ठंड का असर दिखाई देने लगा है.
मौसम में बदलाव के कारण लोगों की दिनचर्या भी धीरे-धीरे बदल रही है. लोग सुबह देर से घरों से निकल रहे हैं, जबकि शाम होते ही बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल कम होने लगी है. खासकर बुजुर्गों और छोटे बच्चों को ठंड से बचाव की जरूरत है. मौसम के बदलते रुख को देखते हुए लोगों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी भी शुरू कर दी है. आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोग सतर्कता बरत रहे हैं.