siwan news : दरौंदा के किसानों से धान खरीदेगा व्यापार मंडल

siwan news : डीसीओ व डीएओ ने किसानों के साथ की बैठकसभी किसानों का रजिस्ट्रेशन करने का दिया निर्देश

By SHAILESH KUMAR | December 26, 2025 9:01 PM

siwan news : सीवान. जिले के दरौंदा प्रखंड क्षेत्र में धान खरीद की रफ्तार तेज करने को लेकर शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में किसानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गयी. बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरभ कुमार एवं जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने किसानों की समस्याएं सुनीं और धान खरीद को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इससे पहले अधिकारियों की टीम ने दरौंदा व्यापार मंडल का निरीक्षण कर वहां चल रही धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर मौजूद किसानों से भी बातचीत की. गौरतलब है कि प्रभात खबर ने शुक्रवार के अंक में पेज नंबर तीन पर ””””दरौंदा व्यापार मंडल में धान खरीद नहीं होने से किसानों में आक्रोश”””” शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद जिला सहकारिता पदाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम दरौंदा पहुंची और मौके पर स्थिति की समीक्षा की. प्रखंड मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान डीसीओ व डीएओ ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार को निर्देश दिया कि किसानों के रजिस्ट्रेशन के लिए विशेष कैंप लगाये जाएं और अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाये, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच सकें. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि छोटे एवं मंझोले किसानों से धान खरीद को प्राथमिकता दिया जाये और किसी भी पात्र किसान को वंचित न रखा जाये. बैठक के दौरान किसानों ने धान खरीद में हो रही देरी, रजिस्ट्रेशन में दिक्कत, भुगतान से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जायेगा और धान खरीद की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जायेगा. इसके बाद डीसीओ व डीएओ ने दरौंदा व्यापार मंडल पहुंचकर अध्यक्ष जबार हुसैन को सख्त निर्देश दिया कि किसानों से धान खरीद में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. केंद्र पर धान लेकर पहुंचने वाले सभी किसानों से अनिवार्य रूप से धान की खरीद की जाये. निरीक्षण के दौरान एक किसान धान लेकर व्यापार मंडल पर बिक्री के लिए पहुंचा था, जिससे खरीद प्रक्रिया को मौके पर ही देखा गया. अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि पहले करसौत और रामसापुर गांव के किसानों से धान खरीद पर विशेष जोर दिया जाये, क्योंकि इन क्षेत्रों में पैक्स का चयन धान बेचने के लिए नहीं हुआ है. अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और धान खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है