प्रतिनिधि,मैरवा. रविवार को स्थानीय थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने जनता से संवाद के दौरान उनकी समस्यायें सुनी. मझौली रोड के शोहराब खान उर्फ लाल मियां ने मझौली चौक, गुठनी मोड़ और मैरवा धाम पर लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए वहां स्थायी पुलिस बल की तैनाती की मांग की. इस पर एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि 25 जनवरी से ट्रैफिक पुलिस बल उपलब्ध हो जाएगा.जिसके बाद चिन्हित स्थानों पर तैनाती की जाएगी. उन्होंने यह भी साझा किया कि मई के बाद जिले को 500 अतिरिक्त पुलिस बल मिलने वाला है. जिससे गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी. बभनौली के मुखिया प्रतिनिधि शशि यादव ने इलाके में स्मैक के बढ़ते धंधे और इसके कारण होने वाली चोरी व छिनतई की घटनाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने मांग की कि रात में पुल-पुलिया और चौराहों पर बेवजह घूमने वाले युवकों पर कार्रवाई की जाए और पुलिस गश्ती तेज हो. जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाए ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. एसपी ने इस पर सहमति जताते हुए एसडीपीओ को स्मैक और शराब तस्करों पर नकेल कसने का निर्देश दिया. कार्यक्रम में नवादा गांव की शरीफन निशा ने भूमि विवाद का मामला रखी. जिस पर एसपी ने एसडीपीओ को अंचलाधिकारी से मिलकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि अभिमन्यु कुमार ने एक व्यवसायी की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराकर फंसाने का मामला उठाया. एसपी ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी के बाद वे स्वयं भूमि विवाद के मामलों की समीक्षा करेंगे और शांति भंग करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. राघवेंद्र खरवार ने मैरवा और दरौली थाना के जर्जर भवनों का मुद्दा उठाया. इसके साथ ही चौक चौराहो पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग किया.जिस पर एसपी ने पुलिस विभाग के भवन निर्माण इंजीनियर से वार्ता कर आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और अपराधियों में कानून का खौफ भरना है. हमें स्मैक और अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है. इसके लिए एसडीपीओ को विशेष निर्देश दिए गए हैं. 25 जनवरी से ट्रैफिक पुलिस की कमान संभाल ली जाएगी और मई तक अतिरिक्त बल मिलने से गश्ती दल को और मजबूती मिलेगी. मौके पर थाना प्रभारी राहुल कुमार , इंस्पेक्टर रत्नेश वर्मा, प्रमुख वीरेंद्र भगत, वार्ड पार्षद हरेराम साह,मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
