सीवान : गुठनी थाना क्षेत्र के रामजानकी मुख्य मार्ग स्थित धनौती बाजार के आयुष ज्वेलर्स में हुई करीब 11 लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी राजू पासवान को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की देर रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी डरैला गांव का निवासी है.
18 फरवरी को हुई थी 11 लाख रुपये की डकैती
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी की अहले सुबह बदमाशों ने धनौती बाजार स्थित आयुष ज्वेलर्स में धावा बोल दिया था. अपराधियों ने मकान मालिक को बंधक बनाकर दुकान से करीब 11 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे और फरार हो गए थे.
घटना के बाद दुकानदार धर्मेंद्र वर्मा ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ गुठनी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
टावर लोकेशन और सीडीआर से मिली अहम कड़ी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने टावर लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर राजू पासवान की संलिप्तता की पुष्टि की. इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी.
गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने डरैला गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
चार आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि इस डकैती कांड में शामिल चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
इनमें डरैला गांव निवासी तथा वर्तमान में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के अकटही निवासी टाइगर जायसवाल, प्रिंस वर्मा और संसूल आजम अंसारी शामिल हैं. पुलिस इनके पास से लूटे गए आभूषण भी बरामद कर चुकी है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि डकैती कांड के अन्य पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
