सीवान: बिजली विभाग में कार्यपालक सहायक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुन्ना कुमार सिंह के असामयिक निधन से सीवान के पत्रकारिता जगत और बिजली विभाग के कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. हकाम गांव निवासी मुन्ना कुमार सिंह लंबे समय तक पत्रकारिता से जुड़े रहे. बिजली विभाग में नौकरी लगने के बाद वे विभाग में कार्यरत थे.
उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारों, विभागीय सहकर्मियों, मित्रों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया. बताया जाता है कि करीब चार माह पहले उन्हें कैंसर होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उनका इलाज नई दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा था. छह अगस्त को वे सीवान आए थे. अगले दिन सात अगस्त को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दोबारा नई दिल्ली स्थित एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार की रात उनका निधन हो गया.
दाहा नदी तट पर हुआ अंतिम संस्कार
मुन्ना कुमार सिंह के निधन की सूचना मिलने के बाद परिजन उनके पार्थिव शरीर को सीवान लेकर आए. रविवार को दाहा नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, पत्रकार, बिजली विभाग के कर्मी और शुभचिंतक शामिल हुए. उनके छोटे पुत्र ने मुखाग्नि दी. इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा.
पत्रकारों ने जताया शोक
मुन्ना कुमार सिंह के निधन पर जिले के कई पत्रकारों ने गहरी संवेदना व्यक्त की. पत्रकारों ने कहा कि उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक सक्रिय, मिलनसार और सहयोगी साथी को खो दिया है. उनके निधन से परिवार के साथ-साथ मित्रों, सहकर्मियों और परिचितों को भी गहरा आघात पहुंचा है.
पत्रकारों और विभागीय कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की.
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में पत्रकार मिथिलेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार पांडे, अमरनाथ शर्मा, मनीष कुमार गिरी, आकाश कुमार श्रीवास्तव, सचिन पर्वत, अरविंद कुमार सिंह, सचिन कुमार और अशोक पांडे सहित अन्य शामिल हैं.
