प्रतिनिधि, सीवान.नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शुक्रवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा.बड़ी संख्या में सफाई कर्मी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय का घेराव किया. सफाई कर्मचारियों ने बताया कि लगातार दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं. हम लोगों के घर पर शादी -विवाह भी है, उसको लेकर भी खरीदारी नहीं हो पा रही है. कर्मियों का कहना था कि यदि समय पर वेतन मिल जाता तो इस तरह की परेशानी नहीं होती.उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. कर्मियों ने कहा कि वे नियमित रूप से शहर की सफाई व्यवस्था संभालते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है, जो सरासर गलत है.सफाईकर्मियों ने कार्यपालक पदाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्या भी रखी और जल्द समाधान की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो शहर की सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है. कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके.
वेतन नहीं मिलने पर सफाईकर्मियों का हंगामा
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण शुक्रवार को उनका गुस्सा फूट पड़ा.बड़ी संख्या में सफाई कर्मी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय का घेराव किया.
