सीवान. जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के तत्वावधान में स्नातक पार्ट थर्ड विशेष परीक्षा शनिवार से शहर के तीन केंद्रों पर शुरू हुई. पहली पाली में अर्थशास्त्र, गणित, अंग्रेजी व सोशियोलाजी विषय की परीक्षा ली गई. वहीं दूसरी पाली में इतिहास, हिंदी, संगीत व दर्शन शास्त्र विषय की परीक्षा हुई. परीक्षा के पहले ही दिन डीएवी पीजी कालेज केंद्र से पहली पाली में नकल के आरोप में एक परीक्षार्थी को निष्कासित कर दिया गया. जेपीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अशोक कुमार मिश्रा ने विद्या भवन महिला महाविद्यालय समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण करते हुए कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश केंद्राधीक्षकों को दिया. डीएवी पीजी कालेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. डा. रामानंद राम ने बताया कि पहली पाली में 95 में 15 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा में 80 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि नकल करते एक परीक्षार्थी को निष्कासित कर दिया गया. इसी प्रकार दूसरी पाली में 138 में 126 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 12 अनुपस्थित रहे. विद्या भवन महिला कालेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. सीबी सिंह ने बताया कि पहली पाली में 24 में 23 व दूसरी पाली में 68 में 62 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए. जेडए इस्लामियां पीजी कालेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक प्रो. इद्रीस आलम ने बताया कि पहले दिन 25 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे. इसमें पहली पाली में 55 परीक्षार्थियों में 49 परीक्षा में शामिल हुए, वहीं छह अनुपस्थित रहे. इसी प्रकार दूसरी पाली में 113 में 94 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 19 अनुपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
